राजस्व न्यायालयों में लंबित प्रकरणों के अधिकारियों को जल्द और गुणवत्तापूर्ण निराकरण के दिए गए टिप्स - सरस जनवाद

राजस्व न्यायालयों में लंबित प्रकरणों के अधिकारियों को जल्द और गुणवत्तापूर्ण निराकरण के दिए गए टिप्स

Share

राजस्व न्यायालयों में लंबित प्रकरणों के अधिकारियों को जल्द और गुणवत्तापूर्ण निराकरण के दिए गए टिप्स

धमतरी, 17 जून (हि.स.)।जिले में राजस्व न्यायालयों में लंबित प्रकरणों के समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण निराकरण के उद्देश्य से 17 जून को कलेक्ट्रेट के सभा कक्ष में कार्यशाला का आयोजन किया गया। कार्यशाला में राजधानी रायपुर से आए अपर कलेक्टर और राजस्व मामलों के जानकार यूएस अग्रवाल एवं श्रीकांत वर्मा द्वारा व्यावहारिक प्रशिक्षण प्रदान किया गया। इस अवसर पर कलेक्टर अबिनाश मिश्रा ने कहा कि राजस्व कार्य सीधे आम जनता से जुड़े होते हैं, इसलिए इनकी प्रक्रिया में पारदर्शिता, समयबद्धता और गुणवत्ता अत्यंत आवश्यक है। अनुभवी विषय विशेषज्ञों द्वारा दिया जा रहा यह प्रशिक्षण बेहद उपयोगी है, सभी अधिकारी एवं राजस्व अमला इसे गंभीरता से समझे और अपने कार्य में प्रगति लाएं। नामांतरण, सीमांकन, बंटवारा, अतिक्रमण हटाने जैसे कार्यों में किसी भी प्रकार की अनावश्यक देरी न करें।

प्रशिक्षण में नामांतरण, बंटवारा, सीमांकन, बंदोबस्त, बंदोबस्त त्रुटि सुधार, शासकीय भूमि पर अतिक्रमण, के साथ-साथ खसरा सुधार, बी-1 रिकार्ड अद्यतन, डिजिटल अभिलेख प्रबंधन, ऋण पुस्तिकाओं का संधारण, भू-अर्जन, एवं नक्शा सुधार जैसे अनेक विषयों पर गहन जानकारी दी गई। इस दौरान प्रशिक्षकों ने उपस्थित राजस्व अधिकारियों से कार्यक्षेत्र में आ रही चुनौतियों की जानकारी भी ली और समाधान के लिए टिप्स दिए। कार्यक्रम के अंत में कलेक्टर अबिनाश मिश्रा ने प्रशिक्षण देने आए अधिकारियों को स्मृति चिन्ह भेंट कर उनका सम्मान किया।