सिरसा: लाखों रुपये की हेरोइन सहित तस्कर गिरफ्तार
सिरसा, 7 मई (हि.स.)। स्थानीय पुलिस जिला के गांव कोटली क्षेत्र से एक युवक को लाखों रुपए की हेरोइन सहित गिरफ्तार किया गया है। इस संबंध में डिंग थाना प्रभारी प्रदीप कुमार ने बुधवार को बताया कि गिरफ्तार किए गए युवक की पहचान चंद्रपाल निवासी जिला सिरसा के रूप में हुई है। थाना प्रभारी ने बताया कि पुलिस टीम गश्त के दौरान भावदीन टोल प्लाजा से होते हुए गांव कोटली की तरफ जा रही थी।
पुलिस को कोटली मोड़ के नजदीक सड़क किनारे बाइक पर एक युवक बैठा दिखाई दिया जो कि पुलिस को देखकर भागने लगा। पुलिस ने शक के आधार पर उसे काबू कर लिया और तलाशी ली तो उसके कब्जे से 30 ग्राम 67 मिलीग्राम हेरोइन बरामद हुई। उन्होंने बताया कि आरोपी युवक के खिलाफ थाना डिंग में मादक पदार्थ अधिनियम के तहत अभियोग दर्ज कर जांच शुरू की गई है।
प्रारम्भिक पूछताछ में उक्त युवक ने बताया कि यह हेरोइन पंजाब से लेकर आया था और इसे सिरसा व आसपास सप्लाई करने की फिराक में था। उन्होंने बताया कि गिरफ्तार किए गए युवक को अदालत में पेश कर न्यायिक हिरासत में जिला जेल भेजा गया है। उधर, सीआईए ऐलनाबाद पुलिस ने गश्त के दौरान रानियां थाना क्षेत्र से एक युवक को हजारों रुपये की हेरोइन सहित पकड़ा है। सीआईए ऐलनाबाद प्रभारी जगदीश चंद्र ने बताया कि गिरफ्तार किए गए युवक की पहचान प्रिंस कुमार निवासी ऐलनाबाद के रूप में हुई है।
—————
