दस मिनट के लिए अंधेरे में डूबा फतेहाबाद, अधिकतर दुकानें रही बंद
प्रशासन ने आपात स्थिति से निपटने के लिए किया अभ्यास
फतेहाबाद, 7 मई (हि.स.)। पाकिस्तान में आतंकी ठिकानों के किए गए हमलों के बाद युद्ध की स्थिति को देखते हुए केन्द्र सरकार के निर्देशानुसार फतेहाबाद जिला में बुधवार काे प्रशासन द्वारा मॉक ड्रिल की गई। मॉक ड्रिल के दौरान एयर रेड अलार्म सिस्टम एक्टिव होने के बाद एसडीआरएफ, फायर ब्रिगेड कर्मियों, हरियाणा पुलिस, गृह रक्षी, आपदा मित्रों और स्वास्थ्य विभाग की टीमों ने ज्वाइंट टीम के रूप में काम किया। इस मॉक ड्रिल में लोगों को युद्ध के दौरान बचाव के तरीकों बारे जानकारी दी गई। हालांकि केन्द्र सरकार द्वारा जारी सूची में फतेहाबाद जिले का नाम शामिल नहीं था लेकिन प्रदेश सरकार ने इन जिलों के अलावा प्रदेश के सभी जिलों में मॉक ड्रिल के आदेश जारी किए गए थे। फतेहाबाद में बुधवार शाम 4 बजे मॉक ड्रिल शुरू हुई। लघु सचिवालय में आपात स्थिति से निपटने का अभ्यास किया गया। 6 बजे सायरन बजाकर लोगों को सचेत किया गया। 6 से 7 बजे तक फायर बिग्रेड व ट्रामा सैंटर में मॉक ड्रिल की गई और शाम काे दस मिनट के लिए शहर में ब्लैकआऊट रहा। हालांकि मॉक ड्रिल को देखते हुए शहर के अधिकतर दुकानदारों ने पहले ही अपनी दुकानों को बंद कर दिया था जिस कारण बाजार सुनसान नजर आए। इस दौरान सडक़ों पर भी इक्का-दुक्का वाहन ही नजर आए लेकिन उनकी भी लाइटें बंद थी। मॉक ड्रिल शुरू होने के साथ ही डीसी मनदीप कौर और एसपी सिद्धांत जैन शहर में निरीक्षण के लिए निकल गए। सबसे पहले उन्होंने लघु सचिवालय में कंट्रोल रूम और एम्बुलेंस व्यवस्था जांची। इसके बाद जवाहर चौक पहुंच कर बाजार का पैदल जायजा लिया। फिर डीसी एसपी ने सिविल अस्पताल जाकर भी मॉक ड्रिल जांची।
