फतेहाबाद: गुम हुए क्रेडिट कार्ड से निकाले 80 हजार,धोखाधड़ी का केस दर्ज
फतेहाबाद, 4 मई (हि.स.)। फतेहाबाद जिले के एक युवक के साथ क्रेडिट कार्ड के जरिए साइबर फ्रॉड करने का मामला सामने आया है। आरोपियों ने बिना न ओटीपी के 80 हजार 103 रुपए निकाल लिए। युवक की शिकायत के आधार पर रविवार को साइबर थाना फतेहाबाद पुलिस ने धोखाधड़ी बारे केस दर्ज कर जांच शुरू की है। पुलिस को दी शिकायत में गांव जमालपुर शेखां निवासी अनु पुत्र अशोक कुमार ने बताया कि वह नोएडा में एक प्राइवेट कंपनी में नौकरी करता है। उसके पास इंडसइंड बैंक का क्रेडिट कार्ड है। 24 दिसंबर 2014 को उसके मोबाइल पर क्रेडिट कार्ड से 80 हजार 103 रुपए कटने का मैसेज आया। अनु ने कहा कि उसने न तो किसी के साथ कोई ओटीपी साझा किया था और न ही क्रेडिट कार्ड से कोई ट्रांजैक्शन की। उसने अपना क्रेडिट कार्ड संभाला तो वह उसके पास नहीं था। उसके मुताबिक, क्रेडिट कार्ड कहीं गुम हो गया। इसके बाद उसने 5 जनवरी 2025 को क्रेडिट कार्ड के गुम होने बारे रिपोर्ट दर्ज करवाई। उसके साथ साइबर फ्रॉड करके 80 हजार 103 रुपए की चपत लगाई गई है। पुलिस ने उसकी शिकायत पर केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।