छत्तीसगढ़ चेंबर ऑफ कॉमर्स के चुनाव प्रचार का आगाज
रायगढ़, 1 अप्रैल (हि.स.)।छत्तीसगढ़ चेंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्रीज के रायगढ़ इकाई के प्रदेश मंत्री पद हेतु चुनाव लड़ रहे ’शक्ति अग्रवाल’ के समर्थन में जोरदार चुनाव प्रचार का आगाज किया गया। व्यापारी एकता पैनल के सभी पदाधिकारी एवं सदस्यगण इस अभियान में सक्रिय रूप से शामिल हुए। प्रचार अभियान की शुरुआत स्थानीय ’गोगा मंदिर’ में विधिवत पूजा-अर्चना कर की गई, जहां गोगा बाबा का आशीर्वाद लिया गया। इस अवसर पर ’प्रदेश उपाध्यक्ष सुशील रामदास, पूर्व मंत्री राजेश अग्रवाल (चेंबर), सहित व्यापारी एकता पैनल के प्रमुख पदाधिकारी एवं व्यापारीगण’ बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।
गोगा मंदिर में पूजा-अर्चना के बाद शक्ति अग्रवाल व व्यापारी एकता पैनल के पदाधिकारी गण आदि ने रायगढ़ नगर के विभिन्न व्यापारिक प्रतिष्ठानों का दौरा किया। इस दौरान उन्होंने व्यापारी बंधुओं से मुलाकात कर उन्हें अपने पूर्व कार्यकाल में व्यवसायिक हितों के लिए किए गए कार्यों की जानकारी दी। इसके साथ ही, उन्होंने आगामी चुनाव में व्यापारी एकता पैनल एवं शक्ति अग्रवाल के समर्थन में अभिमत देने की अपील की। प्रचार अभियान के दौरान विभिन्न क्षेत्रों के व्यापारियों से संवाद स्थापित किया गया, जिसमें व्यापारिक समस्याओं, उनकी आवश्यकताओं एवं संभावित समाधान पर चर्चा भी की गई।
चुनाव प्रचार के दौरान व्यापारी एकता पैनल के पदाधिकारियों ने बताया कि उनका उद्देश्य सदैव व्यापारियों के हितों की रक्षा करना रहा है। उन्होंने व्यापारिक विकास के लिए उठाए गए विभिन्न कदमों का उल्लेख किया, जिनमें बाजार में व्यापारिक सुरक्षा, सरकारी नीतियों में सुधार के लिए किए गए प्रयास, व्यापारियों के लिए सुविधाओं का विस्तार आदि विषय शामिल थे।
इस मौके पर सुशील रामदास व व्यापारी एकता पैनल के वरिष्ठ सदस्यों ने कहा कि शक्ति अग्रवाल एक कर्मठ एवं अनुभवी नेता हैं और हमने अपने पूर्व कार्यकाल में व्यापारियों के हित में कई महत्वपूर्ण कार्य किये हैं। हमने व्यापारियों की विभिन्न समस्याओं को प्रशासन और सरकार तक पहुंचाने का भी कार्य किया, जिसका व्यापारी बंधुओं को लाभ भी मिला।
व्यापारी एकता पैनल के पदाधिकारियों ने अपने चर्चा में कहा कि हमारे पूर्व कार्यकाल के आधार पर व्यापारी बंधुओं का समर्थन हमें मिलेगा और हम व्यापारिक समस्याओं के समाधान के लिए नए कदम उठाएंगे। उन्होंने कहा कि उनका मुख्य लक्ष्य ’व्यापारिक क्षेत्र में आ रही समस्याओं को कम करना, व्यापारिक गतिविधियों को सुगम बनाना, प्रशासनिक सहयोग सुनिश्चित करना और व्यापारियों के कल्याण के लिए योजनाएं लागू करना’ रहेगा।
चुनाव प्रचार के दौरान व्यापारी एकता पैनल के पदाधिकारियों ने व्यापारी एकता के संदेश को भी प्रमुखता से सामने रखा। उन्होंने कहा कि व्यापारियों की समस्याओं का समाधान तभी संभव है जब वे संगठित होकर एक मजबूत नेतृत्व को आगे बढ़ाएं। शक्ति अग्रवाल को समर्थन देकर रायगढ़ के व्यापारिक हितों को सुरक्षित और समृद्ध बनाया जा सकता है, जिसे पूर्व के कार्यकाल में देखा भी जा चुका है।
—————