कोंडागांव नगरपालिका में भाजपा की एक तरफा जीत

Share

कोंडागांव नगरपालिका में भाजपा की एक तरफा जीत

– केशकाल नगर पंचायत में निर्दलीय अध्यक्ष प्रत्याशी की हुई जीत

कोंडागांव, 15 फ़रवरी (हि.स.)। जिले में हुए नगरीय निकाय चुनावों में भारतीय जनता पार्टी ने शानदार प्रदर्शन करते हुए फरसगांव नगर पंचायत में जीत दर्ज किया एवं कोंडागांव नगर पालिका में एक तरफा जीत हासिल करने में सफल रही। वहीं केशकाल नगर पंचायत में निर्दलीय प्रत्याशी बिहारी लाल शोरी ने अध्यक्ष पद पर जीत हासिल किया लेकिन भाजपा के 7 पार्षदाें ने जीत हासिल कर नगरपंचायत केशकाल में अपनी पकड़ बना रखा है।

कोंडागांव नगर पालिका में भाजपा ने 22 में से 20 वार्डों में जीत दर्ज की, जबकि कांग्रेस को मात्र एक और एक निर्दलीय प्रत्याशी को जीत मिली। नगर पालिका कोंडागांव के अध्यक्ष पद पर भाजपा प्रत्याशी नरपति पटेल ने कांग्रेस के नरेन्द्र देवांगन को 4,502 मतों के बड़े अंतर से पराजित किया। फरसगांव नगर पंचायत में भी भाजपा का परचम लहराया, जहां प्रशांत पात्र ने 185 मतों से अध्यक्ष पद जीता। यहां पार्षद पदों पर भाजपा और कांग्रेस को 7-7 सीटें मिलीं, जबकि एक निर्दलीय प्रत्याशी भी विजयी हुआ।

केशकाल नगर पंचायत में निर्दलीय प्रत्याशी बिहारी लाल शोरी ने अध्यक्ष पद पर जीत हासिल की। पार्षद चुनावों में भाजपा को 7, कांग्रेस को 5 और निर्दलीय प्रत्याशियों को 3 सीटें मिलीं। इस चुनाव में सबसे दिलचस्प मुकाबला अस्पताल वार्ड में देखने को मिला, जो कांग्रेस का परंपरागत गढ़ रहा है। इस वार्ड से कांग्रेस के शहर अध्यक्ष तरुण गोलछा को भाजपा के संतोष पात्र ने 64 मतों से हरा दिया है ।यह वार्ड विशेष रूप से महत्वपूर्ण था, क्योंकि यहीं से विधायक लता उसेंडी की राजनीतिक यात्रा शुरू हुई थी, और पिछले कई सालों से यहां कांग्रेस का मजबूत गढ़ रहा था। इस बार भाजपा ने यहां ऐतिहासिक जीत हासिल करने में सफल रही।

—————