फतेहाबाद में बीएसएनएल ने शुरू की आईएफटीवी सेवा

Share

फतेहाबाद में बीएसएनएल ने शुरू की आईएफटीवी सेवा

फतेहाबाद, 14 फरवरी (हि.स.)। भारत संचार निगम लिमिटेड के उपभोक्ताओं के लिए अच्छी खबर हैै। क्योंकि बीएसएनएल की ओर से फतेहाबाद जिले में इंटरनेट फाइबर आधारित लाइव टीवी यानी आईएफटीवी सेवा की शुरुआत कर दी है, जिससे यूजर्स हाई क्वालिटी वाले लाइव टीवी चैनल और पे टीवी की सुविधा ले पाएंगे। खास बात यह है कि इन सुविधाओं के लिए उपभोक्ता को अलग से कोई शुल्क नहीं देना पड़ेगा और न ही अलग से उन्हें कोई सेटअप बॉक्स लगाने की आवश्यकता होगी। इस संबंध में शुक्रवार को भारत संचार निगम लिमिटेड के कार्यालय में एजीएम रघवीर सिंह की अध्यक्षता में एक बैठक का आयोजन किया गया। बैठक में उन्हें आईएफटीवी सर्विस के विस्तार के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई और यूजर्स को उनकी नई शुरू की गई सर्विस के संबंध में जागरूक करने के निर्देश दिए गए। बैठक में एसडीओ आत्मा राम, जेटीओ अशोक कुमार के अलावा अन्य अधिकारी मौजूद रहे। उपभोक्ता को स्काइप प्रो आईएफटीवी एप करना होगा इंस्टॉलएजीएम रघवीर सिंह ने बताया कि भारत संचार निगम लिमिटेड के उपभोक्ता अब 500 से अधिक लाइव चैनल का आनंद हाई डेफिनेशन एचडी के साथ बिना किसी अतिरिक्त शुल्क के ले सकते हैं। उपभोक्ता को अपनी स्मार्ट एलईडी व एंड्रॉयड एलईडी में स्काइप प्रो आईएफटीवी एप को इंस्टॉल करना होगा। इसके बाद किसी भी डीटीएच कनेक्शन की आवश्यकता नहीं होगी। उन्होंने बताया कि जिले में फतेहाबाद, भट्टू, भूना, रतिया, टोहाना और जाखल में 22 दिसंबर 2024 से आईएफटीवी की सेवाएं शुरू हो गई है। जिले में करीब 10500 बीएसएनएल के फाइबर उपभोक्ता है, जिनमें से अब तक करीब 1100 से अधिक उपभोक्ताओं ने आईएफटीवी की सुविधा लेना शुरू कर दी है। एजीएम रघवीर सिंह ने अन्य कंपनियों से बीएसएनएल आईएफटीवी को बेहतर बताते हुए कहा कि रिलायंस जियो और भारती एयरटेल की लाइव टीवी सेवाओं में स्ट्रीमिंग डेटा मासिक डेटा कोटा से काटा जाता है, जबकि बीएसएनएल की आईएफटीवी में ऐसा नहीं होगा। क्योंकि टीवी स्ट्रीमिंग के लिए इस्तेमाल किया गया डेटा उनके डेटा पैक से अलग रहेगा और एफटीटीएच पैक से नहीं काटा जाएगा। इसके बजाए यह स्ट्रीमिंग के लिए अनलिमिटेड डेटा देगा।