खूंटी में ओरिएंटेशन सह परामर्श कार्यशाला का आयोजन

Share

खूंटी में ओरिएंटेशन सह परामर्श कार्यशाला का आयोजन

खूंटी, 4 फ़रवरी (हि.स.)। समाहरणालय स्थित सभागार में मंगलवार को उपायुक्त लोकेश मिश्र की अध्यक्षता में इंडिया हेल्थ एंड क्लाइमेट रेजिलिएंस फेलोशिप की ओर से ओरिएंटेशन सह परामर्श कार्यशाला का आयोजन किया गया।

कार्यशाला में जिला स्वास्थ्य एवं अन्य अधिकारियों को स्वास्थ्य देखभाल के प्रति अपने कार्य और दृष्टिकोण के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई। ओरिएंटेशन सत्र के बाद आयोजित परामर्श कार्यशाला में खूंटी जिले में मौजूद गंभीर स्वास्थ्य चुनौतियों की पहचान करने एवं उनके समाधान के प्रयासों पर चर्चा की गई।

इस पहल में आइएचआरएफ ब्लॉकचेन फॉर इम्पैक्ट और फिया फाउंडेशन ने सहयोग किया। कार्यशाला में मानव-केंद्रित डिज़ाइन अप्रोच के माध्यम से समुदाय की स्वास्थ्य समस्याओं की पहचान कर उनके समाधान की संभावनाओं पर विचार-विमर्श किया गया।

बैठक में जिले में कुपोषण की समस्या दूर करने, मातृ स्वास्थ्य सुधारने और सेवाओं को सुदृढ़ करने पर विशेष चर्चा हुई। साथ ही, इनसे जुड़ी बुनियादी सुविधाओं के सुदृढ़ीकरण के उपायों पर भी विचार किया गया। इस दौरान उपायुक्त द्वारा कई आवश्यक सुझाव एवं दिशा निर्देश भी दिए गए। कार्यशाला में सुझाव दिया गया कि वे जिला स्वास्थ्य अधिकारियों के साथ समन्वय स्थापित कर इन चुनौतियों के समाधान के लिए ठोस प्रयास करें। कार्यशाला में सिविल सर्जन, जिला शिक्षा पदाधिकारी, जिला समाज कल्याण पदाधिकारी, जॉनसन टोपनो (कार्यकारी निदेशक), डॉ. राम (निदेशक, हेल्थ सिस्टम) समेत अन्य उपस्थित थे।

—————