राष्ट्रीय खेल प्रतियोगिता में जीत पर डीसी ने दी बधाई
खूंटी, 3 फ़रवरी (हि.स.)। झारखंड की टीम ने 68वीं राष्ट्रीय स्कूली खेल प्रतियोगिता 2024-25 (अंडर-19 बालक एवं बालिका) हॉकी फाइनल में ओडिशा को हराकर शानदार जीत हासिल की। यह गौरवपूर्ण उपलब्धि झारखंड के खिलाड़ियों की मेहनत, टीम वर्क और अनुशासन का परिणाम है।
खूंटी स्थित उत्क्रमित प्लस टू उच्च विद्यालय, पेलोल के छात्र एवं आवासीय हॉकी प्रशिक्षण केंद्र के प्रशिक्षु खिलाड़ी अंकित बरवार (कक्षा 9वीं) और ग्लैडसन भेंगरा (कक्षा 10वीं) ने झारखंड टीम की इस विजय में महत्वपूर्ण योगदान दिया है। उनकी इस उपलब्धि से न केवल झारखंड, बल्कि पूरे राज्य के खेल प्रेमियों में हर्ष का माहौल है।
इस अवसर पर उपायुक्त लोकेश मिश्रा ने झारखंड टीम को बधाई देते हुए कहा कि यह जीत हमारे युवा खिलाड़ियों के समर्पण और राज्य में खेल विकास की दिशा में किए जा रहे प्रयासों का प्रमाण है। झारखंड के खिलाड़ियों ने राष्ट्रीय स्तर पर अपनी प्रतिभा साबित की है, जो हम सभी के लिए गर्व की बात है। उपायुक्त ने अंकित बरवार और ग्लैडसन भेंगरा को विशेष रूप से बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की और कहा कि खूंटी जिले में प्रतिभा की कोई कमी नहीं है। यह सफलता जिले के अन्य खिलाड़ियों को भी प्रेरित करेगी।
—————