सलाह : इम्युनिटी सिस्टम को मजबूत बनाता है जोशांदा काढ़ा - सरस जनवाद

सलाह : इम्युनिटी सिस्टम को मजबूत बनाता है जोशांदा काढ़ा

Share

रसोई में मौजूद चीजों की मदद से खुद बना सकते हैं यह काढ़ा : डा.राणा

गाजियाबाद :- तमाम रोगों समेत कोरोना वायरस के संक्रमण से बचाव के लिए शरीर की रोग प्रतिरोधिक क्षमता (इम्युनिटी पावर) का अच्छा होना जरूरी है। बेहतर रोग प्रतिरोधक क्षमता के लिए खान-पान का विशेष ख्याल रखना होगा। क्षेत्रीय आयुर्वेद और यूनानी अधिकारी डा. अशोक राणा के मुताबिक अच्छी रोग प्रतिरोधक क्षमता के लिए आयुष मंत्रालय द्वारा जोशांदा काढ़ा पीने की सलाह दी जा रही है। इसके अलावा गिलोय का सेवन करके भी रोग प्रतिरोधक क्षमता को मजबूत कर सकते हैं।

डा. राणा ने बताया कि आयुष मंत्रालय द्वारा जिस जोशांदा काढ़े को पीने की सलाह दी जा रही है वह पूरी तरह से देशी काढ़ा है और आप अपनी रसोई में उपलब्ध सामान का इस्तेमाल करते हुए उसे खुद ही तैयार कर सकते हैं। यह शरीर की रोग प्रतिरोधक क्षमता बढ़ाता है और सर्दी, खांसी जुकाम से बचाने में कारगर होता है। बुखार के कारण होने वाली शरीर की जकड़न इस काढ़े के पीने से ठीक होती है।

कोरोना संक्रमण से बचाव में यह काढ़ा काफी कारगर है। डा. राणा बताते हैं कि भारतीय चिकित्सा पद्धति विश्व की सबसे प्राचीन पद्धति है। आयुर्वेद ने पूरी दुनिया को चिकित्सा का ज्ञान दिया है।एनर्जी के लिए जो परिवार कभी सॉफ्ट ड्रिंक को वरीयता देते थे आज उन परिवारों सहित युवा पीढ़ी भी आयुर्वेदिक काढ़े को पीना बेहतर समझ रही है।

जोशांदा काढ़ा बनाने की विधि : डा. अशोक राणा बताते हैं कि जोशांदा काढ़ा बनाने के लिए साफ पानी, तुलसी की पत्ती, लौंग, काली मिर्च, छोटी इलायची, अदरक, गुड़ और चायपत्ती की जरूरत होती है। इसे बनाने के लिए सबसे पहले पानी गर्म होने के लिए रख दें। जब पानी उबलने लगे तब उसमें पीसी हुई लौंग, काली मिर्च, इलायची, अदरक, और स्वादानुसार गुड़ ड़ाल दें। थोड़ी देर बाद तुलसी की पत्तियां इसमें डाल दें। उसके बाद चायपत्ती। जब पानी आधा रह जाए तो गैस बंद कर दीजिए। पानी को छान लें। इसे गर्म पीना ही फायदेमंद होता है।

आयुष मंत्रालय के सुझाव : शरीर के इम्यून सिस्टम को दुरुस्त रखने के लिए गुनगुना पानी और आंवला, एलोवेरा, गिलोय, नींबू आदि का जूस पीना चाहिए। इसके अलावा पानी में तुलसी के रस की कुछ बूंदें डालकर अथवा गर्म दूध में हल्दी मिलाकर पी सकते हैं। तुलसी की 5 पत्तियां, 4 काली मिर्च, 3 लौंग, एक चम्मच अदरक का रस शहद के साथ ले सकते हैं। अथवा तुलसी की 10-15 पत्तियां, 5-7 काली मिर्च, थोड़ी दालचीनी और अदरक की चाय पी सकते हैं।