सैकड़ों समर्थकों के साथ जिला पंचायत सदस्य के लिए कांग्रेस उम्मीदवार आकाश मिश्रा ने दाखिल किया नामांकन
रायगढ़, 30 जनवरी (हि.स.)। त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव की तारीखों की घोषणा होने के बाद से ही ग्रामीण अंचलों में चुनावी सरगर्मी बढ़ गई है। इसके साथ ही नामांकन प्राप्त करने और जमा करने का कार्य जोरों पर जारी है। इसके लिए जिला में प्रतिदिन जन प्रतिनिधि और उनके समर्थकों की भीड़ इकट्ठी हो रही है। एक तरफ शहर में निगम चुनाव हो रहे हैं तो वहीं ग्रामीण अंचलों में जिला पंचायत के लिए हर गांव गली में राजनीति शुरू हो गई है। जिला पंचायत क्षेत्र क्रमांक पांच के सदस्य के लिए युवा कांग्रेस नेता आकाश मिश्रा (बुनगा) से आज गुरुवार को नामांकन दाखिल किया है।
युवा कांग्रेस के नेता आकाश मिश्रा ने सैंकड़ों वाहनों के साथ अपने सैकड़ों कार्यकर्ताओं की उपस्थिति में जिला पंचायत सदस्य के लिए क्षेत्र क्रमांक 05 से नामांकन दाखिल कर दिया है। उनके हजारों कार्यकर्ताओं और समर्थक पुसौर में एकत्रित होकर सैकड़ों वाहनों के साथ काफिले में रायगढ़ आए और उसके बाद मिनी स्टेडियम से रैली निकाल कर नामांकन दाखिल करने पहुंचे। इस भव्य नामांकन रैली ने उनके कार्यकर्ताओं में एक अलग ही ऊर्जा डाल दी है। नामांकन रैली में उपस्थित हुए उनके समर्थकों का मानना है कि आकाश मिश्रा एक युवा नेता हैं जिला पंचायत सदस्य पहले भी रह चुके हैं। उन्हें इस कार्य का अच्छा खासा अनुभव है कांग्रेस के एक कर्मठ और संघर्षशील नेता हैं। आकाश मिश्रा जिला पंचायत सदस्य का चुनाव क्षेत्र क्रमांक 05 से लड़कर भाजपा को एक बड़ी चुनौती देंगे।
—————