रामचंदपुर में खैरवार समाज के सामुदायिक भवन की रखी गई आधारशिला, 25 लाख रुपये से होगा निर्माण

Share

बलरामपुर, 10 नवंबर । बलरामपुर जिले के रामचंद्रपुर विकासखंड अंतर्गत चरक पथली, इन्द्रावतीपुर और सनावल में मंगलवार को खैरवार समाज के सामाजिक सामुदायिक भवन का भूमि पूजन किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में प्रदेश के कृषि मंत्री रामविचार नेताम अपनी धर्मपत्नी पुष्पा नेताम के साथ शामिल हुए। उन्होंने विधि-विधान से पूजा-अर्चना कर सामुदायिक भवन की आधारशिला रखी। भवन निर्माण के लिए 25 लाख रुपये की राशि स्वीकृत की गई है।

इस अवसर पर रामविचार नेताम ने कहा कि जनजातीय समाज की समृद्ध संस्कृति, गौरवशाली इतिहास और लोकपरंपराएं हमारी महत्वपूर्ण धरोहर हैं। प्रकृति के प्रति जनजातीय समाज की आस्था और परंपराएं समाज को विशिष्ट पहचान देती हैं। उन्होंने सांस्कृतिक विरासत के संरक्षण के साथ समाज के सर्वांगीण विकास के प्रति अपनी प्रतिबद्धता जताई।

उन्होंने कहा कि सामुदायिक भवन बनने से समाज के लोगों को सामाजिक और सांस्कृतिक आयोजनों के लिए एक साझा स्थान उपलब्ध होगा। यह भवन समाज की एकजुटता और आपसी मेलजोल को भी मजबूत करने में सहायक होगा।

कार्यक्रम में खैरवार समाज के प्रदेश अध्यक्ष बुद्धदेव सिंह, प्रदेश संरक्षक राम किशुन सिंह, ब्लॉक प्रमुख धर्मजीत सिंह, बलरामपुर जिला युवा मोर्चा संगठन प्रभारी अंकुश सिंह सहित समाज के पदाधिकारी, वरिष्ठजन और गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।