सतनामी समाज के जिलाध्यक्ष बने कोमल संभाकर, 704 वोटों से जीते

Share

धमतरी, 01 नवंबर । सतनामी समाज के नए जिलाध्यक्ष के चयन के लिए रविवार को जिले के छह केंद्रों में मतदान हुआ। सुबह 10 बजे से दोपहर तीन बजे तक चली मतदान प्रक्रिया के बाद हुई मतगणना में कोमल संभाकर 920 वोट हासिल कर जिलाध्यक्ष निर्वाचित हुए। उन्होंने निकटतम प्रतिद्वंद्वी को 704 वोटों से पीछे छोड़ा।

जानकारी के अनुसार जिलाध्यक्ष पद के चुनाव के बीच तीन ब्लाकों में अध्यक्ष निर्विरोध निर्वाचित हुए हैं। धमतरी शहर में आशीष रात्रे, धमतरी ग्रामीण में तेलीनसत्ती के मोहन जांगड़े और मगरलोड में सुरेंद्र चेलक को निर्विरोध अध्यक्ष चुना गया है।

जिलाध्यक्ष पद के चुनाव में चार प्रत्याशी मैदान में थे। मतगणना में कोमल संभाकर को 920 वोट मिले। वहीं रूपेंद्र कुमार बघेल को 216, तेजेश्वर कुर्रे को 191 और विजय सोनवानी को 28 वोट प्राप्त हुए। चुनाव के लिए जिले में छह मतदान केंद्र बनाए गए थे। इनमें धमतरी शहर के हटकेशर वार्ड स्थित सतनाम भवन, धमतरी ग्रामीण ब्लाक के देवपुर डोंगापथरा स्थित सतनाम भवन, नगरी ब्लाक के ग्राम देवपुर स्थित सतनाम भवन, कुरूद ब्लाक के कोड़ेबोड़ स्थित समरसता भवन, मगरलोड के सतनाम भवन और भखारा ब्लाक के भटेली स्थित सतनाम भवन शामिल थे। कोमल संभाकर को सभी छह मतदान केंद्रों पर अन्य प्रत्याशियों से अधिक वोट मिले।

जिले में सतनामी समाज बाहुल्य 42 गांव हैं। धमतरी शहर में 143 मतदाता थे। शहर के प्रत्येक वार्ड से 10 सक्रिय सदस्य मतदान के लिए पात्र थे। इसी तरह धमतरी ग्रामीण ब्लाक में 395, नगरी में 236, कुरूद में 425, मगरलोड में 244 और भखारा में 260 मतदाता थे। धमतरी शहर के 40 वार्डों में से 14 वार्डों में समाजजनों की बाहुल्यता है।

नवनिर्वाचित जिलाध्यक्ष कोमल संभाकर ने समाज की एकता, प्रगति और तरक्की को प्राथमिकता देने की बात कही है। सामाजिक समरसता बनाए रखने के साथ शिक्षा, सम्मान और अधिकारों के लिए काम करना उनकी प्राथमिकताओं में शामिल है। युवाओं को रोजगार के अवसर उपलब्ध कराने और उन्हें मार्गदर्शन देने, महिला सशक्तीकरण तथा नशामुक्त समाज के निर्माण पर भी जोर रहेगा। इसके अलावा समाज के सतनाम भवनों का विकास कर सुविधाएं बढ़ाने की दिशा में काम किया जाएगा।