झांसी, 30 नवंबर । झांसी-कानपुर हाइवे पर रविवार देर रात भीषण सड़क हादसे से हड़कंप मच गया। बड़ागांव थाना क्षेत्र में कुंदन ढाबे के सामने यात्रियों से भरी एक स्लीपर बस अनियंत्रित होकर सड़क पर पलट गई। इसी दौरान दो ट्रकों की भी आपस में जोरदार भिड़ंत हो गई। एक साथ हुए दो हादसों के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। दुर्घटना में करीब 24 यात्री घायल बताए जा रहे हैं। वहीं दोनों ट्रकों के चालक भी घायल हुए हैं।
जानकारी के मुताबिक, स्लीपर बस कानपुर से यात्रियों को लेकर गुजरात जा रही थी। बस में करीब 50 यात्री सवार थे। कुंदन ढाबे के सामने अचानक बस अनियंत्रित होकर पलट गई। हादसे में बस में सवार यात्री अंदर फंस गए और मौके पर अफरा-तफरी मच गई।
सूचना मिलते ही बड़ागांव थाना पुलिस घटनास्थल पर पहुंच गई। स्थानीय लोगों की मदद से पुलिस ने रेस्क्यू अभियान चलाकर बस में फंसे यात्रियों को बाहर निकाला। सभी घायलों को उपचार के लिए मेडिकल कॉलेज भेजा गया।
