जेटेट परीक्षा में प्रश्नपत्र मिलते ही भागने की कोशिश करने वाला परीक्षार्थी गिरफ्तार

Share

पलामू, 02 नवंबर । झारखंड शिक्षक पात्रता परीक्षा (जेटेट) के दौरान रविवार को पलामू के एक परीक्षा केंद्र से प्रश्नपत्र लेकर भागने की कोशिश करने वाले परीक्षार्थी सुशील कुमार पाठक (57) को गिरफ्तार कर सोमवार को पुलिस ने जेल भेज दिया।

सुशील जिले के गढवा के पाचाडुमर के सहायक अध्यापक हैं। घटना जिले के पाटन प्रखंड के आरके मिडिल स्कूल स्थित परीक्षा केंद्र पर हुई थी। परीक्षार्थी को प्रश्नपत्र मिलने के महज छह मिनट बाद ही भागने की कोशिश करते हुए पकड़ा गया। पकड़े गए परीक्षार्थी की पहचान सुशील कुमार पाठक के रूप में हुई है। जेल भेजे जाने की पुष्टि पाटन थाना प्रभारी आशीष विद्यार्थी ने की है।

उल्लेखनीय है कि इस संबंध में प्रतिनियुक्त स्टैटिक मजिस्ट्रेट नीतीश कुमार ने पाटन थाना में आवेदन देकर प्राथमिकी दर्ज कराई है। आवेदन के अनुसार एक नवंबर को आरके मीडिल स्कूल पाटन में जेटेट की परीक्षा आयोजित की जा रही थी। सुबह करीब 9.36 बजे कक्षा संख्या छह में एक परीक्षार्थी प्रश्नपत्र मिलने के तुरंत बाद उसे लेकर परीक्षा केंद्र से बाहर भागने का प्रयास करने लगा। वहां मौजूद पुलिस और प्रशासन की टीम ने तत्परता दिखाते हुए उसे मौके पर ही पकड़ लिया।

स्टैटिक मजिस्ट्रेट के अनुसार परीक्षार्थी की इस हरकत से परीक्षा की निष्पक्षता प्रभावित हो सकती थी। साथ ही उसने सरकारी कार्य में बाधा डालने का भी प्रयास किया। आवेदन में बताया गया है कि प्रारंभिक पूछताछ के दौरान परीक्षार्थी ने अनुचित साधन के इस्तेमाल की बात स्वीकार की है। इसके बाद उसे आवश्यक कानूनी कार्रवाई के लिए पुलिस के हवाले कर दिया गया।

मजिस्ट्रेट ने मामले को गंभीर मानते हुए पाटन थाना प्रभारी से संबंधित धाराओं में प्राथमिकी दर्ज कर कानूनी कार्रवाई करने का अनुरोध किया था।

इससे पहले पलामू जिले में जेटेट के लिए बनाए गए 47 परीक्षा केंद्रों पर दोनों पालियों में 25556 परीक्षार्थी परीक्षा में शामिल हुए। 4878 परीक्षार्थी परीक्षा देने नहीं पहुंचे। विभिन्न जिलों के कुल 30434 महिला-पुरुष परीक्षार्थियों का सेंटर पलामू के विभिन्न स्कूल-कॉलेजों में था। पहली पाली में 19284 परीक्षार्थियों में से 15923 ने परीक्षा दी। 3361 अनुपस्थित रहे। वहीं दूसरी पाली में 11150 में से 1517 परीक्षार्थी अनुपस्थित रहे, जबकि 9633 परीक्षा में सम्मिलित हुए।