सोहराई हमारी समृद्ध आदिवासी संस्कृति और परंपरा का प्रतीक : सुदीप

Share

खूंटी, 09 नवंबर । तोरपा विधानसभा क्षेत्र के विधायक सुदीप गुड़िया सोमवार को कर्रा प्रखंड की उड़ीकेल एवं डेहकेला पंचायत में आयोजित सोहराई पर्व समारोह में शामिल हुए। इस दौरान महिला दीदियों एवं ग्रामीणों ने पारंपरिक रीति-रिवाजों के साथ विधायक का गर्मजोशी से स्वागत किया।

इस अवसर पर विधायक सुदीप गुड़िया ने क्षेत्रवासियों को सोहराई पर्व की बधाई एवं शुभकामनाएं देते हुए कहा कि सोहराई पर्व आदिवासी-मूलवासी समाज की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत, प्रकृति और परंपराओं का महत्वपूर्ण प्रतीक है। यह पर्व कृषि, पशुधन और प्रकृति के साथ हमारे गहरे संबंधों को दर्शाता है। साथ ही हमें प्रकृति के प्रति कृतज्ञता व्यक्त करने, पशुधन के संरक्षण और मेहनतकश किसानों के योगदान का सम्मान करने की प्रेरणा देता है।

उन्होंने कहा कि झारखंड की पहचान यहां की समृद्ध लोक संस्कृति, पारंपरिक रीति-रिवाजों, भाषा और पर्व-त्योहारों से है। हमारी सांस्कृतिक विरासत ही हमारी असली पहचान और धरोहर है। इसे संरक्षित रखना और आने वाली पीढ़ियों तक पहुंचाना हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। ऐसे पर्व समाज को अपनी जड़ों से जोड़ने के साथ आपसी एकता और भाईचारे को भी मजबूत करते हैं।

विधायक ने ग्रामीणों से आपसी प्रेम, सद्भावना और एकजुटता बनाए रखने की अपील करते हुए कहा कि सभी को एक-दूसरे के धर्म, आस्था, संस्कृति और पर्व-त्योहारों का सम्मान करना चाहिए। समाज की वास्तविक ताकत उसकी एकता में निहित है। उन्होंने कहा कि सांस्कृतिक पहचान और सामाजिक सौहार्द को बनाए रखने में प्रत्येक व्यक्ति की महत्वपूर्ण भूमिका है।

कार्यक्रम में उड़ीकेल मुखिया छत्री हेमरोम, पंचायत समिति सदस्य पोलुस होरो, झामुमो युवा मोर्चा के जिला उपाध्यक्ष राहुल केशरी, प्रखंड उपाध्यक्ष लछुवा लोहरा, समाजसेवी खुर्शीद आलम, उपमुखिया सुनील धान, ग्राम प्रधान जयराज मुंडा, जयनाथ उरांव, सुकरा उरांव, पंचायत उपाध्यक्ष गंदुर उरांव, वार्ड सदस्य गोरी तोपनो, ग्राम सभा अध्यक्ष जितराम उरांव, संजय यादव, कैलाश महतो सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण एवं स्थानीय गणमान्य लोग उपस्थित थे।