खूंटी, 10 नवंबर । भगवान बिरसा मुंडा की जयंती और झारखंड स्थापना दिवस के अवसर पर 15 नवंबर को उनकी जन्मस्थली उलिहातू में आयोजित होने वाले राजकीय बिरसा महोत्सव की तैयारियों को लेकर मंगलवार को उपायुक्त मो. जावेद हुसैन की अध्यक्षता में समाहरणालय सभागार में समीक्षा बैठक हुई।
बैठक में महोत्सव के सफल और सुव्यवस्थित आयोजन को लेकर विभिन्न विभागों की ओर से की जा रही तैयारियों की विस्तृत समीक्षा की गई।
बैठक में सांस्कृतिक कार्यक्रमों की रूपरेखा, कलाकारों के चयन और आमंत्रण, कार्यक्रम संचालन के लिए एंकर की व्यवस्था एवं निर्धारित समय के अनुसार कार्यक्रमों के संचालन पर चर्चा हुई। उपायुक्त ने महोत्सव के व्यापक प्रचार-प्रसार के लिए बैनर, होर्डिंग और अन्य माध्यमों का उपयोग करने का निर्देश दिया, ताकि अधिक से अधिक लोगों की सहभागिता सुनिश्चित हो सके।
महोत्सव स्थल पर विभिन्न विभागों की ओर से लगाए जाने वाले स्टॉल की तैयारियों की भी समीक्षा की गई। उपायुक्त ने स्वास्थ्य, शिक्षा, जेएसएलपीएस, कृषि सहित अन्य विभागों को निर्देश दिया कि उनके स्टॉल आकर्षक, सूचनाप्रद और जनोपयोगी हो। इनके माध्यम से सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं, विभागीय उपलब्धियों और आम लोगों को उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं की जानकारी दी जाए।
इसके अलावा उलिहातू में साफ-सफाई, पेयजल, बिजली, सुरक्षा, यातायात प्रबंधन, स्वास्थ्य सुविधा, अतिथियों के आवासन, पार्किंग और बैठने की व्यवस्था की भी समीक्षा की गई। उपायुक्त ने सभी बुनियादी सुविधाएं समय रहते दुरुस्त करने और आयोजन स्थल पर स्वच्छता का विशेष ध्यान रखने का निर्देश दिया।
उन्होंने कहा कि महोत्सव के सफल आयोजन के लिए सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ कार्य करें और उन्हें सौंपे गए दायित्वों का गंभीरतापूर्वक निर्वहन करते हुए सभी तैयारियां निर्धारित समय-सीमा में पूरी करें।
बैठक में पुलिस अधीक्षक ऋषभ गर्ग, उप विकास आयुक्त, अनुमंडल पदाधिकारी, अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, विभिन्न विभागों के पदाधिकारी, इवेंट मैनेजर सहित अन्य उपस्थित थे।
