खूंटी, 11 नवंबर । जिले के प्रतिभाशाली रग्बी खिलाड़ी अजीत नाग ने अपनी मेहनत, लगन और उत्कृष्ट खेल प्रतिभा के दम पर एक और बड़ी उपलब्धि हासिल की है। उनका चयन 14 और 15 नवंबर को ओडिशा के भुवनेश्वर में आयोजित होने वाले अंडर-20 एशिया कप के लिए भारतीय रग्बी टीम में किया गया है। अजीत के इस चयन से खूंटी सहित पूरे झारखंड के खेल जगत में खुशी और गर्व का माहौल है।
अजीत नाग इससे पहले भी कई अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में भारतीय टीम का प्रतिनिधित्व कर चुके हैं। उन्होंने 28 और 29 सितंबर 2024 को मलेशिया के जोहोर बाहरू में आयोजित एशिया रग्बी अंडर-18 चैंपियनशिप में हिस्सा लिया था। इसके बाद नाै और 10 अगस्त 2025 को बिहार के राजगीर में आयोजित अंडर-20 एशिया चैंपियनशिप में भारतीय टीम का प्रतिनिधित्व किया। वहीं, 13 और 14 सितंबर 2025 को चीन के होहोट स्टेडियम में आयोजित अंडर-18 एशिया चैंपियनशिप पांच और छह सितंबर 2026 को चीन के किंगदाओ में आयोजित अंडर-18 एशिया चैंपियनशिप में भी उन्होंने भारतीय टीम की ओर से खेला।
लगातार अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में देश का प्रतिनिधित्व करना अजीत की प्रतिभा, अनुशासन और खेल के प्रति समर्पण को दर्शाता है। उनका चयन झारखंड में रग्बी खेल की बढ़ती लोकप्रियता और स्थानीय खिलाड़ियों की क्षमता का भी प्रमाण है।
झारखंड रग्बी फुटबॉल एसोसिएशन के अध्यक्ष विष्णु जालान, उपाध्यक्ष सुरेश कुमार, महासचिव हेजाज असदक, कोषाध्यक्ष सुनील गुप्ता सहित जिला संघ के पदाधिकारियों ने अजीत को बधाई दी है।
