लैटिन ग्रैमी में दिलजीत की प्रस्तुति ने जीता सबका दिल

Share

मुंबई, 13 नवंबर । पंजाबी गायक और अभिनेता दिलजीत दोसांझ ने अंतरराष्ट्रीय संगीत मंच पर एक और उपलब्धि हासिल की है। वह लैटिन ग्रैमी पुरस्कार समारोह में लाइव प्रस्तुति देने वाले पहले भारतीय कलाकार बन गए हैं।

12 नवंबर को लास वेगास के एमजीएम ग्रैंड गार्डन एरिना में आयोजित 27वें लैटिन ग्रैमी समारोह में उन्होंने प्यूर्टो रिको के गायक डैडी यांकी के साथ मंच शेयर किया। दोनों ने अपने गाने ‘पोकिटो’ पर प्रस्तुति दी, जिसमें पंजाबी और लैटिन संगीत का अनोखा संगम देखने को मिला।

दिलजीत ने अपने इंस्टाग्राम पर इस प्रस्तुति का वीडियो शेयर किया है। इसमें वह पंजाबी अंदाज में गाना गाते नजर आ रहे हैं, जबकि डैडी यांकी ने स्पेनिश बोलों से समां बांधा। दिलजीत ने वीडियो के साथ लिखा, ‘पंजाबी आ गए लैटिन ग्रैमी ओए। दुनिया की हर स्टेज पर पंजाबी बोल जाऊंगा।’ उन्होंने डैडी यांकी को अपना बड़ा भाई बताते हुए दो संस्कृतियों को एक मंच पर लाने के लिए उनका आभार भी जताया।

दोनों कलाकारों की जुगलबंदी का वीडियो सामने आते ही सोशल मीडिया पर चर्चा में आ गया। प्रशंसकों ने पंजाबी और लैटिन संगीत के इस मेल की जमकर सराहना की। कई लोगों ने इसे शानदार प्रस्तुति और बेहतरीन सांगीतिक संगम बताया। प्रशंसकों का कहना है कि दोनों कलाकारों की अलग-अलग संगीत शैलियों ने मिलकर मंच पर खास रंग जमा दिया।