सक्ती कलेक्ट्रेट में मनाया गया संविधान दिवस, कलेक्टर ने कराया प्रस्तावना का सामूहिक वाचन

Share

जांजगीर चांपा/सक्ती, 26 नवंबर (हि. स.)। संविधान दिवस के अवसर पर 26 नवंबर को सक्ती कलेक्ट्रेट कार्यालय में विशेष कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस दौरान कलेक्टर जयश्री जैन ने कलेक्ट्रेट के सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों को भारतीय संविधान की प्रस्तावना का सामूहिक वाचन कराया।

कार्यक्रम में कलेक्टर जयश्री जैन ने संविधान की उद्देशिका में निहित मूल भावनाओं का वाचन कराते हुए भारत को संपूर्ण प्रभुत्व-संपन्न, समाजवादी, पंथनिरपेक्ष एवं लोकतंत्रात्मक गणराज्य बनाए रखने का संकल्प दोहराया। साथ ही सभी नागरिकों को सामाजिक, आर्थिक एवं राजनीतिक न्याय, विचार एवं अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता, समानता तथा बंधुता सुनिश्चित करने के संवैधानिक मूल्यों के प्रति जागरूक किया।

इस अवसर पर अपर कलेक्टर नवीन भगत, अपर कलेक्टर केएस पैंकरा, डिप्टी कलेक्टर पोषक चौधरी, डिप्टी कलेक्टर प्रीतेश राजपूत सहित कलेक्ट्रेट कार्यालय के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

संविधान दिवस पर आयोजित इस कार्यक्रम के माध्यम से संविधान में निहित लोकतांत्रिक मूल्यों, नागरिक अधिकारों एवं कर्तव्यों के प्रति जागरूकता का संदेश दिया गया।