रायपुर, 17 अक्टूबर । राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु आगामी 22 और 23 अक्टूबर को दो दिवसीय छत्तीसगढ़ दौरे पर रहेंगी। बस्तर दशहरे में आयोजित कार्यक्रम में शामिल होंगी।। इस दौरान वे रायपुर और जगदलपुर में विभिन्न कार्यक्रमों में शामिल होंगी।
मुख्यमंत्री कार्यालय के अनुसार, 22 अक्टूबर को दोपहर 12:45 बजे रायपुर के लोक भवन में आयोजित कार्यक्रम के तहत पूज्य माता हासी देवी के सम्मान में 200 रुपये का स्मारक सिक्का जारी करेंगी। शाम 4 बजे रायपुर के इंडोर स्टेडियम में नुआखाई पर्व के अवसर पर आयोजित ‘सेवा सम्मान पर्व’ एवं ‘युवा प्रबोधन’ कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में मौजूद रहेंगी।
वहीं दूसरे दिन, 23 अक्टूबर को राष्ट्रपति सुबह 11 बजे जगदलपुर स्थित मां दंतेश्वरी मंदिर में पूजा-अर्चना करेंगी। इसके बाद दोपहर 12:45 बजे जगदलपुर के लालबाग मैदान में आयोजित होने वाले ऐतिहासिक और पारंपरिक ‘मुरिया दरबार’ में एवं बस्तर दशहरे में शामिल होंगी। इस दौरान वह मांझी-चालकी, पुजारियों और आदिवासी समुदाय के नेताओं से सीधे बातचीत करेंगी।
गाैरतलब है कि, बस्तर दशहरा विश्व प्रसिद्ध है और इसका समापन ‘मुरिया दरबार’ के साथ होता है, जिसे आदिम जन संसद भी कहा जाता है। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के विशेष आमंत्रण पर राष्ट्रपति इस उत्सव में शामिल हो रही हैं।
राष्ट्रपति के दौरे कार्यक्रम की तैयारियों के लेकर हाल ही में मुख्य सचिव विकासशील ने बैठक बुलाई थी। बैठक में राष्ट्रपति के प्रवास के दौरान कार्यक्रम स्थल पर सुरक्षा व्यवस्था और परिवहन समेत सभी जरुरी इंतजामों के मापदंडों को सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। राष्ट्रपति के इस कार्यक्रम के लिए नोडल विभाग संस्कृति विभाग को बनाया गया है।
