यमुनानगर:ट्रकों की एंट्री के नाम पर रिश्वतखोरी, महिला एएसआई रंगे हाथ गिरफ्तार

Share

यमुनानगर, 26 अक्टूबर राज्य सतर्कता एवं भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो की करनाल यूनिट ने हरियाणा राज्य प्रवर्तन ब्यूरो, यमुनानगर में तैनात महिला एएसआई रजनी को कथित तौर पर रिश्वत लेते हुए गिरफ्तार किया है। आरोप है कि वह निर्माण सामग्री लेकर यमुनानगर से उत्तर प्रदेश के सहारनपुर जाने वाले ट्रकों की एंट्री कराने के बदले पैसे मांगती थी। एसीबी ने कार्रवाई के दौरान रिश्वत की रकम बरामद करने की जानकारी दी है।

शिकायतकर्ता के अनुसार, वह अपने साथियों के साथ बुरिया गांव से निर्माण सामग्री लेकर सहारनपुर जाने वाले ट्रकों की एंट्री करवाता था। आरोप है कि एएसआई प्रत्येक ट्रक की एंट्री के बदले एक हजार रुपये मांगती थी। शिकायत में यह भी कहा गया है कि आरोपी पहले दो अलग-अलग मौकों पर कुल पाँच हजार रुपये ले चुकी थी। इसके बाद पिछली एंट्री के बकाया और नई एंट्री के भुगतान सहित कुल दस हजार रुपये मांगे गए। बाद में कथित तौर पर साढ़े नो हजार रुपये देने पर सहमति बनी। शिकायत मिलने के बाद एसीबी की करनाल यूनिट ने नियमानुसार ट्रैप लगाया। टीम ने जगाधरी के सेक्टर-18 स्थित एचएसईएनबी थाने के पास महिला एएसआई को कथित रूप से रिश्वत लेते हुए पकड़ लिया। कार्रवाई राजपत्रित अधिकारी और शैडो विटनेस की मौजूदगी में की गई।

एसीबी के अनुसार, 26 अक्टूबर 2026 को अभियोग संख्या 15 दर्ज कर भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम की धारा 7 के तहत मामला दर्ज किया गया है। जांच पंचकूला स्थित एसीबी थाने के माध्यम से आगे बढ़ाई जा रही है।

ब्यूरो ने नागरिकों से अपील की है कि कोई सरकारी अधिकारी या कर्मचारी रिश्वत मांगे तो इसकी सूचना एसीबी को दें। भ्रष्टाचार संबंधी शिकायत ‘सतर्क हरियाणा’ मोबाइल ऐप के माध्यम से भी की जा सकती है।