प्रयागराज, 22 अक्टूबर । नगर निगम कर्मचारियों की समस्याओं के समाधान की दिशा में गुरुवार को नगर निगम कर्मचारी एसोसिएशन और नगर आयुक्त सीलम साईं तेजा के बीच वार्ता हुई। इसमें कर्मचारियों को दीपावली से पहले वेतन देने, पेंशनरों और आउटसोर्स कर्मचारियों का भुगतान समय से कराने तथा नैनी में निर्माणाधीन सुपरस्पेशियलिटी अस्पताल में नगर निगम कर्मचारियों के लिए 30 प्रतिशत बिस्तर आरक्षित रखने सहित कई महत्वपूर्ण मुद्दों पर सहमति बनी। नगर निगम कर्मचारी एसोसिएशन के अध्यक्ष मनोज कुमार श्रीवास्तव ने बताया कि वार्ता में कर्मचारियों की विभिन्न समस्याओं को नगर आयुक्त के सामने रखा गया, जिनके समाधान के लिए निर्णय लिए गए।
वार्ता में निर्णय लिया गया कि नगर निगम के सभी नियमित कर्मचारियों को अक्टूबर 2026 का वेतन दीपावली से पहले दिया जाएगा। शासन की ओर से दीपावली से पहले बोनस देने का आदेश जारी होने पर कर्मचारियों को नकद बोनस भुगतान किया जाएगा। इसके साथ ही पेंशनरों और आउटसोर्स कर्मचारियों को भी त्योहार से पहले भुगतान सुनिश्चित कराने पर सहमति बनी।
नगर निगम की ओर से नैनी क्षेत्र में सुपरस्पेशियलिटी अस्पताल का निर्माण कराया जा रहा है। इसमें नगर निगम के कार्यरत और सेवानिवृत्त कर्मचारियों के इलाज के लिए 30 प्रतिशत बिस्तर आरक्षित रखने का निर्णय लिया गया है। इससे कर्मचारियों और सेवानिवृत्त कर्मियों को उपचार की सुविधा मिलने में मदद मिलेगी।
आउटसोर्स कम्प्यूटर ऑपरेटरों के वेतन में वृद्धि के संबंध में नगर निगम सदन के संकल्प पर भी चर्चा हुई। नगर आयुक्त सीलम साईं तेजा ने इस मामले में आगामी सदन की बैठक में वेतन निर्धारण का प्रस्ताव प्रस्तुत करने का निर्णय लिया। इसके अलावा नगर निगम में रिक्त पदों पर पदोन्नति की प्रक्रिया जल्द पूरी कराने पर सहमति बनी।
नगर निगम में कार्यरत नियमित, संविदा और आउटसोर्स कर्मचारियों के पहचान पत्र बनवाए जाएंगे। कर्मचारियों के चिकित्सा प्रतिपूर्ति के लिए जमा बिलों का भुगतान भी जल्द सुनिश्चित कराने का निर्णय लिया गया। सेवानिवृत्त कर्मचारियों को जीवित प्रमाणपत्र ऑनलाइन उपलब्ध कराने की व्यवस्था भी केंद्र और राज्य सरकार की व्यवस्था के अनुरूप विकसित की जाएगी।
वार्ता में नगर निगम के स्वास्थ्य विभाग से जुड़ी समस्याओं पर भी चर्चा हुई। नगर आयुक्त ने इनका जल्द समाधान कराने का आश्वासन दिया। साथ ही नगर स्वास्थ्य अधिकारी का कार्य किसी प्रशासनिक अधिकारी को सौंपने पर सहमति बनी। आउटसोर्स सफाई कर्मचारियों की भर्ती में हेलाह समाज के व्यक्तियों को प्राथमिकता देने के विषय पर भी सहमति व्यक्त की गई।
वार्ता में कर्मचारी एसोसिएशन के अध्यक्ष मनोज कुमार श्रीवास्तव, महामंत्री अरविंद त्रिपाठी, सचिव कमल कुशवाहा, कोषाध्यक्ष विवेक कुमार श्रीवास्तव, संयुक्त मंत्री ललित श्रीवास्तव तथा अन्य पदाधिकारी उपस्थित रहे। सफाई कर्मचारी यूनियन के अध्यक्ष प्रदीप और यूनियन के अन्य पदाधिकारियों ने भी कर्मचारियों की समस्याएं रखीं।
