उज्जैन, 02 अक्टूबर । मध्य प्रदेश के उज्जैन में दोस्ती और भरोसे का फायदा उठाकर 16 वर्षीय छात्रा को मिलने के बहाने कमरे पर ले जाकर उसके साथ सामूहिक दुष्कर्म किए जाने का मामला सामने आया है। चिमनगंज मंडी थाना क्षेत्र की रहने वाली छात्रा 26 सितंबर को अचानक घर से लापता हो गई थी। परिजनों की शिकायत पर पुलिस ने अपहरण का मामला दर्ज कर उसकी तलाश शुरू की। अगले दिन छात्रा घर लौटकर आई तो परिजनों ने विश्वास में लेकर उससे पूछताछ की। इस दौरान छात्रा ने अपने साथ हुई घटना की जानकारी दी, जिसके बाद परिजन उसे लेकर थाने पहुंचे।
पुलिस के अनुसार छात्रा की उसके घर के समीप रहने वाले एक नाबालिग से पहचान थी। 26 सितंबर को वह छात्रा को मिलने के बहाने जीवाजीगंज क्षेत्र स्थित अपने एक अन्य दोस्त के कमरे पर ले गया। आरोप है कि वहां पहले से मौजूद तीन अन्य नाबालिगों के साथ मिलकर छात्रा के साथ सामूहिक दुष्कर्म किया गया। घटना के बारे में किसी को बताने पर उसे गंभीर परिणाम भुगतने की धमकी भी दी गई।
छात्रा के बयान के बाद पुलिस ने उसका मेडिकल परीक्षण कराया। पुलिस के मुताबिक मेडिकल रिपोर्ट और छात्रा के बयान के आधार पर सामूहिक दुष्कर्म तथा पॉक्सो एक्ट की धाराओं में प्रकरण दर्ज किया गया है। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि दो अन्य नाबालिगों की तलाश की जा रही है।