28 अक्टूबर को प्रेमनगर आएंगे मुख्यमंत्री साय, कलेक्टर-एसपी ने तैयारियों का लिया जायजा

Share

सूरजपुर, 26 अक्टूबर । मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय का 28 अक्टूबर को सूरजपुर जिले के प्रेमनगर में प्रस्तावित दौरा है। कार्यक्रम की तैयारियों को लेकर सोमवार को कलेक्टर रेना जमील और पुलिस अधीक्षक योगेश पटेल ने नगर पंचायत प्रेमनगर में पुष्प वाटिका के समीप निर्धारित स्थल का निरीक्षण किया। इस दौरान अधिकारियों ने व्यवस्थाओं की समीक्षा करते हुए सभी तैयारियां तय समय-सीमा में पूरी करने के निर्देश दिए।

निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने कार्यक्रम स्थल पर मंच, बैठक व्यवस्था, पार्किंग, आवागमन और हेलीपैड सहित अन्य आवश्यक व्यवस्थाएं समय पर पूरी करने को कहा। उन्होंने अधिकारियों को आपसी समन्वय के साथ काम करने और कार्यक्रम के दौरान व्यवस्थाएं सुचारु बनाए रखने के निर्देश दिए। सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी आवश्यक तैयारियां सुनिश्चित करने पर जोर दिया गया।

मुख्यमंत्री के प्रस्तावित कार्यक्रम में विभिन्न विकास कार्यों का लोकार्पण और शिलान्यास किया जाएगा। इसके साथ ही जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी देने के लिए विभागीय स्टॉल लगाए जाएंगे और पात्र हितग्राहियों को सामग्री वितरित की जाएगी। कार्यक्रम में तीरंदाजी प्रतियोगिता, युवा संवाद और दिव्यांगजनों के लिए शिविर आयोजित करने की भी योजना है।

कलेक्टर रेना जमील ने संबंधित अधिकारियों से सभी तैयारियां निर्धारित तिथि से पहले पूरी करने को कहा, ताकि कार्यक्रम सुव्यवस्थित तरीके से संपन्न हो सके।

निरीक्षण के दौरान जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी विजेंद्र सिंह पाटले, अपर कलेक्टर नयनतारा सिंह तोमर, प्रशांत कुशवाहा सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।