सिंघनपुर सेवा सेतु शिविर में 134 मामलों का हुआ समाधान, हितग्राहियों को मिली सौगात

Share

जगदलपुर, 04 अक्टूबर । जिले के विकासखंड तोकापाल के ग्राम सिंघनपुर में आज रविवार काे ग्रामीणों की समस्याओं के त्वरित निराकरण और शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं को सीधे चौपाल तक पहुंचाने के उद्देश्य से‘सेवा सेतु’ शिविर का आयोजन किया गया।

शिविर में ग्रामीणों की व्यापक सहभागिता देखने को मिली, जहां विभिन्न जनसमस्याओं और मांगों से संबंधित कुल 159 आवेदन प्राप्त हुए। प्रशासनिक अमले ने मौके पर संवेदनशीलता और तत्परता दिखाते हुए 134 मामलों का समाधान कर आवेदकों को राहत पहुंचाई, जबकि शेष लंबित प्रकरणों को समय-सीमा के भीतर पारदर्शिता के साथ पूर्ण करने के सख्त निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिए गए।

इस शिविर में जनसमस्याओं के निवारण के साथ-साथ स्वास्थ्य और राजस्व सेवाओं का सीधा लाभ भी ग्रामीणों तक पहुंचाया गया। स्वास्थ्य विभाग द्वारा विशेष ओपीडी संचालित कर कुल 78 मरीजों का स्वास्थ्य परीक्षण और उपचार किया गया, साथ ही बीपी, शुगर, नेत्र परीक्षण के उपरांत जरूरतमंदों को दवाइयां और चश्मे वितरित किए गए। इसके साथ ही 05 हितग्राहियों को बेहतर स्वास्थ्य सुरक्षा के लिए आयुष्मान कार्ड भी प्रदान किए गए। राजस्व एवं पहचान संबंधी दस्तावेजों के त्वरित प्रदाय के अंतर्गत खसरा-बीवन प्रदाय सहित नामांतरण, ऋण पुस्तिका द्वितीय प्रति, आय एवं निवास प्रमाण पत्र के तहत कुल 18 हितग्राहियों को जरूरी दस्तावेज सौंपे गए। इसके अलावा 05 पात्र परिवारों को पक्के आवास की सुविधा के लिए प्रधानमंत्री आवास योजना के स्वीकृति पत्र, 08 स्कूली बच्चों को स्थायी जाति प्रमाण पत्र, 04 किसानों को भू-अभिलेख कार्ड और 06 कृषकों को किसान किताब प्रदान की गई।

ग्रामीण क्षेत्र में पोषण एवं स्वास्थ्य सेवाओं को सुदृढ़ बनाने वाली 08 समर्पित आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया, वहीं महिला एवं बाल विकास विभाग के मार्गदर्शन में 10 नन्हे बच्चों का अन्नप्राशन संस्कार भी हर्षोल्लास के साथ संपन्न हुआ। स्थानीय जनप्रतिनिधियों और प्रशासनिक अधिकारियों की उपस्थिति में आयोजित इस शिविर के माध्यम से एक ही छत के नीचे बिना किसी भागदौड़ के जरूरी सेवाएं, दस्तावेज और उपचार की सुविधा मिलने पर ग्रामीणों ने प्रशासन की इस पहल का स्वागत करते हुए आभार व्यक्त किया।