सतना, 27 अक्टूबर । मध्य प्रदेश के सतना में स्टेशन रोड पर मंगलवार दोपहर एक बेकाबू मिनी कंटेनर ट्रक ने सड़क किनारे खड़े चार वाहनों को टक्कर मार दी। इसके बाद कंटेनर आर्किटेक्ट आशीष जैन के कार्यालय में जा घुसा। हादसे में ई-रिक्शा चालक उमेश दहिया (30) और कियोस्क सेंटर के बाहर खड़ी क्षमा पाठक (22) घायल हो गए। दोनों को नजदीकी नर्सिंग होम में भर्ती कराया गया है।
जानकारी के अनुसार, मिनी कंटेनर डीटीडीसी कुरियर सर्विस का था। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, चालक वाहन पर नियंत्रण खो बैठा, जिसके बाद कंटेनर ने सड़क किनारे खड़ी दो स्कूटी, एक स्पोर्ट्स बाइक और एक ई-रिक्शा को टक्कर मार दी। इसके बाद वाहन आर्किटेक्ट के कार्यालय में जा घुसा। हादसे में ई-रिक्शा चालक उमेश दहिया के पैर में चोट आई है, जबकि क्षमा पाठक भी घायल हुई हैं। घटना के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई।
बताया गया कि मिनी कंटेनर रीवा से कुरियर डाक लेकर सतना आया था। हादसे के बाद स्थानीय लोगों ने चालक मोहम्मद शाहिद को पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया। पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त मिनी कंटेनर को जब्त कर लिया है। मामले में चालक के खिलाफ कार्रवाई की जा रही है।
