सामरी के 12 गांवों में सेवा सेतु शिविर, 38 आवेदनों का मौके पर निराकरण

Share

बलरामपुर, 05 अक्टूबर । बलरामपुर जिले के जनपद पंचायत कुसमी के सामरी क्षेत्र के 12 गांवों के ग्रामीणों के लिए सेवा सेतु शिविर आयोजित किया गया। शिविर में आज सोमवार को ग्रामीणों की विभिन्न समस्याओं के निराकरण के साथ उन्हें शासन की योजनाओं का लाभ मौके पर उपलब्ध कराया गया। विधायक उद्धेश्वरी पैकरा की मौजूदगी में आयोजित शिविर में कुल 38 आवेदनों का निराकरण किया गया।

शिविर में प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत दो हितग्राहियों को पक्के मकान की चाबी सौंपी गई। स्वास्थ्य विभाग ने तीन हितग्राहियों को आयुष्मान कार्ड, तीन को वय वंदन कार्ड और एक हितग्राही को पोषण आहार प्रदान किया।

राजस्व विभाग की ओर से आठ हितग्राहियों को जाति प्रमाण पत्र वितरित किए गए। वहीं, महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा गोदभराई और अन्नप्राशन संस्कार कराया गया। इन गतिविधियों के माध्यम से ग्रामीण परिवारों को पोषण और मातृ-शिशु स्वास्थ्य के प्रति जागरूक किया गया।

शिविर में प्रधानमंत्री सूर्य घर योजना की जानकारी भी ग्रामीणों को दी गई। योजना से जुड़ने के लिए 35 लोगों का पंजीयन किया गया। इसके अलावा सभी विभागों के अधिकारियों ने अपने-अपने विभाग की जनकल्याणकारी योजनाओं, पात्रता और लाभ लेने की प्रक्रिया की जानकारी ग्रामीणों को दी।