मुंबई, 18 अक्टूबर । अभिनेता सलमान खान ने रियलिटी शो ‘बिग बॉस 20’ के वीकेंड का वार में अपने माता-पिता सलीम खान और सलमा खान की शादी से जुड़ा एक दिलचस्प किस्सा शेयर किया। उन्होंने बताया कि सलमा खान से शादी के बाद उनके नाना ने करीब पांच साल तक सलीम खान से बातचीत नहीं की थी। सलमान के मुताबिक, इस नाराजगी की वजह धर्म नहीं, बल्कि सलीम खान का उस समय फिल्म इंडस्ट्री में संघर्ष और भविष्य को लेकर अनिश्चितता थी। उनके नाना को चिंता थी कि उनकी बेटी का जीवन एक ऐसे व्यक्ति के साथ कैसे गुजरेगा, जो अभिनेता बनने के लिए संघर्ष कर रहा है।
सलमान ने बताया कि उनके नाना ने शादी के बाद लंबे समय तक सलीम खान से दूरी बनाए रखी। हालांकि, छोटे भाई सोहेल खान के जन्म के बाद रिश्तों में जमी बर्फ पिघलने लगी। सलमान के अनुसार, नाना माहिम से बांद्रा तक जलेबी का डिब्बा लेकर परिवार से मिलने पहुंचे थे। यह मुलाकात दोनों परिवारों के बीच दूरियां कम करने का अहम पड़ाव बनी। बाद में नाना ने इस बात पर अफसोस भी जताया कि नाराजगी के कारण वह अपने नाती-पोतों को बड़ा होते नहीं देख सके।
