सरकार को अपने क्षेत्रों की जरुरतों से अवगत करवाएं पंचायत जनप्रतिनिधि : सुरेश कुमार

Share

हमीरपुर, 19 अक्टूबर । विधायक सुरेश कुमार ने पंचायतीराज संस्थाओं के नवनिर्वाचित जनप्रतिनिधियों से अपील की है कि वे ग्रामीण क्षेत्रों एवं आम लोगों से संबंधित सभी कल्याणकारी योजनाओं को धरातल पर लागू करने के साथ-साथ सरकार को अपने-अपने क्षेत्रों की वास्तविक स्थिति से भी अवगत करवाएं, ताकि सरकार इन क्षेत्रों की जरुरतों के अनुसार योजनाएं तैयार कर सके। विकास खंड भोरंज के नवनिर्वाचित पंचायत जनप्रतिनिधियों को विभिन्न योजनाओं के क्रियान्वयन की प्रक्रियाओं से अवगत करवाने के लिए सोमवार को यहां मिनी सचिवालय के परिसर में आयोजित एक दिवसीय कार्यशाला को संबोधित करते हुए सुरेश कुमार ने कहा कि पंचायतीराज संस्थाएं हमारे लोकतंत्र की मूल जड़ है। इन संस्थाओं की मजबूती और जनप्रतिनिधियों की जागरुकता से ही हमारी लोकतांत्रिक व्यवस्था मजबूत होती है।

उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंद्र सिंह सुक्खू ग्रामीण क्षेत्रों के सर्वांगीण विकास और सरकार की कल्याणकारी योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने के लिए पंचायतीराज संस्थाओं की सहभागिता एवं सशक्तिकरण पर विशेष बल दे रहे हैं। सुरेश कुमार ने जनप्रतिनिधियों से आग्रह किया कि वे उनके माध्यम से संचालित की जाने वाली सभी योजनाओं की प्रक्रियाओं को गहनता के साथ समझें और सभी पात्र लोगों तक इनका लाभ पहुंचाएं। विधायक ने कहा कि अगर किसी पंचायत में किसी महत्वपूर्ण परियोजना के निर्माण की आवश्यकता है तो संबंधित पंचायत जनप्रतिनिधि तुरंत उनके ध्यान में लाएं। पंचायत से प्राप्त मांगों एवं सुझावों को सरकार के समक्ष रखा जाएगा। कार्यशाला के दौरान विधायक ने वरिष्ठ जनप्रतिनिधियों को सम्मानित भी किया।

एसडीएम शशिपाल शर्मा, सहायक आयुक्त एवं बीडीओ रजत चौधरी, कपिल पठानिया, अनिल कुमार और अन्य अधिकारियों ने जनप्रतिनिधियों को वीबी-जी राम जी योजना, राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन, आवास योजनाओं, स्वच्छ भारत मिशन (ग्रामीण), मुख्यमंत्री अपना परिवार सुखी परिवार योजना और ग्राम पंचायत विकास योजना (जीपीडीपी) इत्यादि की विस्तृत जानकारी दी।