कांगड़ा में 17.50 ग्राम चिट्टे के साथ तीन तस्कर गिरफ्तार

Share

धर्मशाला, 27 अक्टूबर । कांगड़ा पुलिस की सीआईए टीम और धर्मशाला पुलिस ने चिट्टे के मामले में कार्रवाई करते हुए तीन तस्करों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने इनके पास से कुल 17.50 ग्राम हेरोइन और एक लाख रुपए नकद बरामद किए हैं।

पहले मामले में खनियारा के एक निजी होटल में छापेमारी कर पंजाब के 2 युवकों को पकड़ा गया। इनकी पहचान सुनील कुमार निवासी जलालाबाद, फाजिल्का और मनजीत सिंह निवासी मुंडी खरड़, पंजाबके रूप में हुई है। इनके पास से 10.36 ग्राम चिट्टा और एक लाख रुपए नकद मिले।

दूसरे मामले में धर्मशाला पुलिस टीम ने तपोवन रोड पर गश्त के दौरान धर्मशाला के एक युवक को गिरफ्तार किया गया। उसके पास से 7.14 ग्राम चिट्टा बरामद हुआ। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। उसकी पहचान गौरव वर्मा (37), निवासी वार्ड नंबर 6, श्यामनगर, धर्मशाला के रूप में हुई है। उसके खिलाफ पुलिस थाना धर्मशाला में एनडीपीएस एक्ट की धारा 21 और 25 के तहत मामला दर्ज किया गया है। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि आरोपी नशीला पदार्थ कहां से लाया था और इसे किसे सप्लाई किया जाना था। पुलिस ने सभी आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज किया है। पुलिस अब इनसे पूछताछ कर नशे की सप्लाई के स्रोत और नेटवर्क का पता लगा रही है।

एसपी कांगड़ा कुलभूषण वर्मा ने बताया कि कांगड़ा पुलिस दोनों मामलों में आगामी कानूनी कार्रवाई कर रही है। पहले मामले में होटल के मालिक, संचालक और स्टाफ की ओर से पुलिस को दिए गए सहयोग की सराहना की गई है। पुलिस ने नागरिकों से नशे के खिलाफ अभियान में सहयोग करने की अपील की है, ताकि नशे की सप्लाई से जुड़े नेटवर्क का पता लगाकर उसके खिलाफ कार्रवाई की जा सके।