धर्मशाला, 23 अक्टूबर । प्रदेश भाजपा के वरिष्ठ प्रवक्ता त्रिलोक कपूर ने पीडीएनए (पोस्ट डिजास्टर नीड्स असेस्मेंट) फंड के उपयोग को लेकर कांग्रेस सरकार पर तीखा हमला बोला है। कपूर ने कहा कि हिमाचल प्रदेश में आपदा पुनर्निर्माण के नाम पर सामने आ रही अनियमितताओं की शिकायतें अत्यंत गंभीर हैं।
शुक्रवार को जारी एक प्रेस बयान में उन्होंने आरोप लगाया कि कुछ स्थानों पर जहां भूस्खलन हुआ ही नहीं, वहां कागजों में स्लिप दिखाकर टेंडर बनाए गए और बिना पर्याप्त काम के बिलों का भुगतान करने की शिकायतें सामने आ रही हैं।
त्रिलोक कपूर ने कहा कि आपदा के समय प्रधानमंत्री ने हिमाचल के लिए जो घोषणा की थी और उसके बाद पोस्ट डिजास्टर नीड्स असेस्मेंट के तहत जो पैसा आया, उसके वह प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का आभार व्यक्त करते हैं।
कपूर ने कहा कि यह पैसा जिस उद्देश्य के लिए आया है, उसका उपयोग सही जगह पर होना चाहिए, ताकि जनता को राहत मिल सके। यह जनता के पैसे से जुड़ा गंभीर मामला है, जिसकी निष्पक्ष जांच आवश्यक है। कपूर ने कहा कि केंद्र सरकार ने 18 जून, 2025 को वर्ष 2023 की आपदा के बाद हिमाचल प्रदेश के लिए 2,006.40 करोड़ की पुनर्निर्माण योजना स्वीकृत की, जिसमें केंद्रीय हिस्सा 1,504.80 करोड़ था।
कपूर ने सवाल किया कि जब सड़कों और पुलों के पुनर्निर्माण के लिए इतनी बड़ी राशि स्वीकृत हुई, तो आज भी अनेक सड़कें बदहाल क्यों हैं। जनता गड्ढों, टूटी सडक़ों और बाधित यातायात से परेशान क्यों है। उन्होंने कहा कि अगस्त 2026 में 259 सड़कें अवरुद्ध होने की खबरें सामने आई थीं। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री बताएं कि कितने कार्य पूरे हुए, कितने बिल पास हुए और कितने कार्यों की जांच हुई। कपूर ने आरोप लगाया कि राजनीतिक संरक्षण प्राप्त ठेकेदारों को लाभ पहुंचाने की शिकायतों को सरकार नजरअंदाज नहीं कर सकती।
उन्होंने मांग की कि सभी 68 विधानसभा क्षेत्रों की स्वीकृत राशि, टेंडर, ठेकेदारों और भुगतान का विवरण सार्वजनिक किया जाए।
