खूंटी में प्रेमिका का पता नहीं बताने पर युवक ने की उसकी मां की हत्या, आरोपित फरार

Share

खूंटी, 24 अक्टूबर । झारखंड के खूंटी जिले के सायको थाना क्षेत्र अंतर्गत कोटना डुबुटोली गांव में शुक्रवार को देर रात एक महिला की धारदार हथियार से हमला कर हत्या कर दी गई। मृतका की पहचान बिरंग पूर्ति (36) के रूप में हुई है। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपित युवक मौके से फरार हो गया। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, गेंडूम गांव के एक युवक का कोटना डुबुटोली गांव की एक युवती से प्रेम प्रसंग चल रहा था। बताया जा रहा है कि युवक पहले से शादीशुदा है और उसके दो बच्चे भी हैं। शुक्रवार को वह अपनी प्रेमिका से मिलने उसके घर पहुंचा था, लेकिन युवती वहां नहीं मिली।

इसके बाद युवक देर रात फरसा लेकर दोबारा युवती के घर पहुंचा और उसकी मां बिरंग पूर्ति से बेटी के बारे में पूछताछ करने लगा। महिला ने बेटी के ठिकाने की जानकारी होने से इनकार किया। इस पर युवक को संदेह हुआ कि महिला ने ही उसकी प्रेमिका को कहीं भेज दिया है।

इसी बात को लेकर आक्रोशित युवक ने कथित तौर पर फरसे से बिरंग पूर्ति की गर्दन पर वार कर दिया। गंभीर चोट लगने से महिला की घटनास्थल पर ही मौत हो गई। घटना के बाद आरोपित फरार हो गया। पुलिस मामले की छानबीन कर रही है।———