पिछड़ा वर्ग संघर्ष समिति के बंद का खूंटी जिले में व्यापक असर

Share

खूंटी, 06 अक्टूबर । पिछड़ा वर्ग संघर्ष समिति की ओर से मंगलवार को खूंटी बंद का जिले में व्यापक असर देखने को मिल रहा है।

सुबह से ही खूंटी शहर की अधिकांश दुकानें बंद रहीं। बंद समर्थकों ने राष्ट्रीय राजमार्ग-20 पर हूटार चौक के पास सड़क जाम कर दिया।

वहीं नेताजी चौक पर भी आवागमन बाधित किया गया। इसके कारण शहर में वाहनों की आवाजाही प्रभावित हुई और लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ा।

बंद समर्थक सुबह से ही शहर में घूम-घूमकर दुकानदारों से अपने प्रतिष्ठान बंद रखने की अपील करते रहे।

समिति के पदाधिकारी और कार्यकर्ता सुबह नेताजी चौक पर जुटे। इसके बाद विभिन्न इलाकों में भ्रमण कर बंद की स्थिति का जायजा लिया और लोगों से सहयोग की अपील की। तोरपा में भी बंद का असर देखने को मिला और कई दुकानें बंद रहीं। जिले के अन्य प्रखंडों में भी बंद समर्थक सक्रिय रहे।

बंद को सफल बनाने के लिए समिति की ओर से सोमवार शाम खूंटी क्लब से मशाल जुलूस निकाला गया था। इस दौरान दुकानदारों और वाहन मालिकों से बंद में सहयोग करने की अपील की गई थी।

समिति के पदाधिकारियों ने कहा कि बंद का उद्देश्य वर्तमान पीढ़ी के साथ-साथ आने वाली पीढ़ी के हितों की रक्षा करना है। उन्होंने लोगों से शांतिपूर्ण और लोकतांत्रिक तरीके से बंद को सफल बनाने की अपील की।

बंद को सफल बनाने में छोटानागपुरिया तेली उत्थान समाज के संरक्षक किशोर गंझू, जिलाध्यक्ष शिवनारायण गंझू, मोटिया मजदूर संघ के अध्यक्ष सयूम अंसारी सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता जुटे हैं।