पलामू, 30 अक्टूबर । मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण कार्यक्रम (एसआइआर)-2026 को लेकर जिला निर्वाचन पदाधिकारी सह उपायुक्त दिलीप प्रताप सिंह शेखावत ने शुक्रवार को अपने कार्यालय में राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ बैठक की।
बैठक में बताया गया कि जिले के पांचों विधानसभा क्षेत्रों में नो मैपिंग और लॉजिकल डिस्क्रेपेंसी के कुल 4,19,319 नोटिस जनरेट किए गए हैं, जिनमें से 1,59,182 मामलों का निष्पादन किया जा चुका है। वहीं, अन्य श्रेणी के कुल 10,79,977 मामलों में से 10,56,570 मामलों का निष्पादन किया गया है। अब तक प्रपत्र-6 के कुल 74,506, प्रपत्र-6 क के 01, प्रपत्र-7 के 1,681 तथा प्रपत्र-8 के 25,146 आवेदन प्राप्त हुए हैं।
दो वर्षों से मतदाता सूची पुनरीक्षण कार्य लंबित रहने के कारण प्रपत्र-6 की प्राप्त संख्या अनुमान से कम है। ऐसे में सभी राजनीतिक दलों से अपील की गई कि वे एक अक्टूबर 2026 तक 18 वर्ष की आयु पूर्ण कर चुके युवाओं का नाम मतदाता सूची में शामिल कराने के लिए प्रेरित करें। बीएलओ के माध्यम से या वोटर सर्विस पोर्टल के जरिए 18 नवंबर तक प्रपत्र-6 जमा कर सकते हैं। इसके लिए व्यापक प्रचार-प्रसार करने का अनुरोध किया गया।
चार नवंबर को सुबह 11 बजे से दोपहर एक बजे तक जिले के सभी मतदान केंद्रों पर बीएलओ-बीएलए-2 की पांचवीं बैठक और पांचवीं चुनाव पाठशाला आयोजित की जाएगी। इस दौरान नो मैपिंग और सत्यापन की प्रक्रिया पूरी नहीं करने वाले मतदाताओं की नामवार सूची संबंधित बीएलओ की ओर से उपस्थित बीएलए-2 सदस्यों एवं आम नागरिकों के समक्ष पढ़कर सुनाई जाएगी।
जिला निर्वाचन पदाधिकारी ने सभी राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों से आग्रह किया कि वे अपने-अपने विधानसभा क्षेत्रों में उपलब्ध कराए गए नो मैपिंग, लॉजिकल डिस्क्रेपेंसी सहित अन्य मामलों की सूची को संबंधित बीएलओ-1 एवं बीएलओ-2 के साथ साझा करते हुए पात्र मतदाताओं का नाम अंतिम मतदाता सूची में शामिल कराने में सहयोग करें।
बैठक में उप निर्वाचन पदाधिकारी उदय रजक समेत विभिन्न दलों के प्रतिनिधि मौजूद थेे।
