होमगार्ड बहाली शुरु, 5 नवंबर तक भारी वाहनों के प्रवेश पर रोक

Share

रामगढ़, 24 अक्टूबर । झारखंड गृह रक्षा वाहिनी, रामगढ़ में गृह रक्षकों के नव नामांकन के लिए शारीरिक दक्षता एवं हिंदी लेखन क्षमता परीक्षा शनिवार से शुरू हो गई है । परीक्षा 5 नवंबर तक सिद्धू-कान्हू मैदान में आयोजित की जाएगी। प्रतिदिन सुबह 5 बजे से परीक्षा शुरू होगी। अभ्यर्थियों की सुविधा, सुरक्षा और यातायात व्यवस्था को लेकर जिला प्रशासन ने व्यापक तैयारियां की हैं।

परीक्षा की तैयारियों का जायजा लेने के लिए डीसी ऋतुराज और एसपी मुकेश कुमार लुनायत ने सिद्धू-कान्हू मैदान का संयुक्त निरीक्षण किया। इस दौरान अधिकारियों ने परीक्षा केंद्र पर बनाए गए काउंटरों, रनिंग ट्रैक, कंट्रोल रूम, पार्किंग, प्रवेश एवं निकास द्वार सहित अन्य व्यवस्थाओं की समीक्षा की।

प्रतिनियुक्त प्रशासनिक एवं पुलिस पदाधिकारियों को ब्रीफ कर परीक्षा निष्पक्ष, पारदर्शी और कदाचारमुक्त तरीके से संपन्न कराने के निर्देश दिए गए। अभ्यर्थियों के लिए पेयजल और चिकित्सा सुविधा सुनिश्चित करने पर भी जोर दिया गया।

निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार दुलमी प्रखंड के अभ्यर्थियों की परीक्षा 24 और 25 अक्टूबर, मांडू की 26 और 27 अक्टूबर तथा पतरातू की 28 और 29 अक्टूबर को होगी।

रामगढ़ प्रखंड की परीक्षा 30 अक्टूबर को आयोजित की जाएगी। गोला के अभ्यर्थियों की परीक्षा 31 अक्टूबर और 2 नवंबर, जबकि चितरपुर की परीक्षा 2 नवंबर को होगी। शहरी गैर-तकनीकी क्षेत्र के अभ्यर्थियों की परीक्षा 3 और 4 नवंबर तथा शहरी तकनीकी क्षेत्र की परीक्षा 5 नवंबर को निर्धारित है।

परीक्षा के दौरान यातायात व्यवस्था सुचारू रखने के लिए शनिवार से 5 नवंबर तक प्रतिदिन सुबह 3:30 बजे से रात 9 बजे तक कोठार चौक से थाना चौक के बीच मालवाहक वाहनों, ट्रकों, टेंपो, भारी वाहनों और बड़ी सवारी गाड़ियों का आवागमन प्रतिबंधित रहेगा। थाना चौक से कोठार चौक की ओर भी यही प्रतिबंध लागू रहेगा।

जिला प्रशासन ने अभ्यर्थियों से निर्धारित तिथि पर समय से पहुंचने और जरूरी दस्तावेज साथ रखने की अपील की है। परीक्षा स्थल पर केवल अभ्यर्थियों को प्रवेश मिलेगा। इलेक्ट्रॉनिक उपकरण ले जाना प्रतिबंधित रहेगा।