पूर्वी सिंहभूम, 22 अक्टूबर । पूर्वी सिंहभूम जिले में बुधवार देर रात तक मां दुर्गा की प्रतिमाओं का विसर्जन शांतिपूर्ण और सुरक्षित तरीके से संपन्न हो गया। विसर्जन के दौरान विधि-व्यवस्था बनाए रखने के लिए जिला प्रशासन और पुलिस के अधिकारी विभिन्न चौक-चौराहों पर मौजूद रहे। उपायुक्त राजीव रंजन, वरीय पुलिस अधीक्षक डॉ. ऐहतेशाम वकारिब, धालभूम अनुमंडल पदाधिकारी सहित अन्य अधिकारियों ने विभिन्न क्षेत्रों का भ्रमण कर विसर्जन व्यवस्था का जायजा लिया। जिला नियंत्रण कक्ष से भी स्थिति पर नजर रखी गई।
गुरुवार को पूर्वी सिंहभूम सेंट्रल दुर्गा पूजा कमेटी के अध्यक्ष और पूर्व मंत्री भाजपा नेता दुलाल भुइयां ने प्रतिमा विसर्जन शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न होने पर जिले के लोगों को बधाई दी। उन्होंने नवरात्र और विजयादशमी की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि इस वर्ष जिले के शहरी और ग्रामीण क्षेत्रों में लगभग साढ़े पांच सौ दुर्गा पूजा समितियों ने पूजा का आयोजन किया। इतने बड़े स्तर पर धार्मिक आयोजन के बावजूद प्रतिमा विसर्जन शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न होना जिले के लोगों की धार्मिक आस्था, आपसी सहयोग और सामाजिक सौहार्द का परिचायक है। उन्होंने इसके लिए श्रद्धालुओं और पूजा समितियों को बधाई का पात्र बताया।
दुलाल भुइयां ने जिला प्रशासन से मांग की कि इस वर्ष जिले में जिन नई दुर्गा पूजा समितियों ने पूजा का आयोजन किया है, उन्हें सरकारी नियमों के तहत वैध लाइसेंस उपलब्ध कराया जाए। उन्होंने कहा कि हर वर्ष दुर्गा पूजा के प्रति लोगों की आस्था और भागीदारी बढ़ रही है। ऐसे में नई पूजा समितियों को भी नियमानुसार अनुमति देकर पूजा आयोजन की व्यवस्था को व्यवस्थित किया जाना चाहिए।
