फर्रुखाबाद, 04 अक्टूबर । उत्तर प्रदेश के फर्रुखाबाद में कोतवाली पुलिस ने साइबर ठगी के मामले में हरदोई जिले के निवासी एक आरोपित युवक को रविवार गिरफ्तार किया है। उसके कब्जे से ठगी की रकम में से 1.30 लाख रुपये नकद और वारदात में इस्तेमाल रेडमी मोबाइल फोन बरामद हुआ है। पुलिस के मुताबिक आरोपित ने रुपये के लालच में महिला से ठगी की थी।
थाना प्रभारी धर्मेन्द्र सिंह गहलोत ने बताया कि सेनापति स्ट्रीट निवासी महिला ने 25 सितंबर को कोतवाली में शिकायत दर्ज कराई थी। महिला के अनुसार अज्ञात व्यक्ति ने उसके साथ धोखाधड़ी कर 1.38 लाख रुपये ठग लिए थे। मुकदमा दर्ज होने के बाद पुलिस ने डिजिटल और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर जांच शुरू की।
जांच में आरोपित की पहचान हरदोई के सांडी थाना क्षेत्र के मदारा निवासी शैलेन्द्र कुमार पुत्र बच्चू लाल के रूप में हुई। मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में उसने ठगी की बात स्वीकार की। थाना प्रभारी ने बताया कि आरोपी के पास से 1.30 लाख रुपये बरामद हुए, जबकि आठ हजार रुपये वह खर्च कर चुका था।
पुलिस के अनुसार आरोपित के खिलाफ कोतवाली फर्रुखाबाद और सांडी थाना, हरदोई में पहले से मुकदमे दर्ज हैं। पुलिस उसके आपराधिक इतिहास और साइबर ठगी से जुड़े अन्य मामलों की जानकारी जुटा रही है।
आरोपित के खिलाफ दर्ज मुकदमे में बीएनएस और आईटी एक्ट की संबंधित धाराएं बढ़ाई गई हैं। न्यायालय में पेश करने के बाद उसे जेल भेज दिया गया।
कार्रवाई करने वाली टीम में थाना प्रभारी धर्मेन्द्र सिंह गहलोत, उपनिरीक्षक शिव कुमार, कांस्टेबल राहुल मलिक और कांस्टेबल शिवांक तिवारी शामिल रहे।
