अनूपपुर, 04 अक्टूबर । मध्य प्रदेश के अनूपपुर जिले के कोतमा जनपद पंचायत अंतर्गत डोला-बिजुरी मार्ग की खराब हालत को लेकर रविवार को राजनगर ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष राहुल सिंह परिहार की अगुवाई में जिला कांग्रेस अध्यक्ष गुड्डू चौहान समेत कई नेता और स्थानीय लोग शामिल के साथ चक्काजाम किया। इस दौरान सड़क पर आवाजाही ठप हुई, जिसके बाद एसईसीएल प्रबंधन को मौके पर आना पड़ा। एसईसीएल के जीएम अधिकारियों के साथ आए। प्रदर्शनकारियों ने एसडीएम के नाम तहसीलदार को मांग पत्र सौंपा।
कांग्रेस के चक्काजाम के चलते सड़क के दोनों ओर आवागमन ठप हो गया, जिसके बाद एसईसीएल प्रबंधन को बैकफुट पर आना पड़ा। आंदोलन की सूचना मिलते ही एसईसीएल के महाप्रबंधक निर्माण एजेंसी के अधिकारियों के साथ खुद मौके पर पहुंचे। जीएम ने ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष राहुल सिंह परिहार द्वारा दिए गए मांग पत्र के एक-एक बिंदु पर विस्तार से चर्चा की। जनदबाव और सकारात्मक वार्ता के बाद एसईसीएल प्रबंधन ने 15 दिनों के भीतर सड़क निर्माण का काम शुरू करने का लिखित आश्वासन दिया। सहमति बनने के बाद कांग्रेस ने चक्काजाम समाप्त करने की घोषणा की।
प्रमुख मांगों में डोला तिराहा से बिजुरी पहुँच मार्ग का गुणवत्तापूर्ण निर्माण कराया जाए, भारी वाहनों की आवाजाही से क्षतिग्रस्त हुई नालियों का पुनर्निर्माण कराया जाए, जल निकासी के लिए डाले गए ह्यूम पाइप को एस्टिमेट के आधार पर विधिवत दोबारा लगाया जाए शामिल रही।
जिला अध्यक्ष गुड्डू चौहान और राहुल सिंह परिहार ने बताया कि सड़क की जर्जर स्थिति, बड़े-बड़े गड्ढों और जलजमाव के कारण आम नागरिकों, विद्यार्थियों, श्रमिकों और मरीजों को जान जोखिम में डालकर सफर करना पड़ रहा था। उन्होंने कहा कि क्षेत्र की मूलभूत सुविधाओं के लिए कांग्रेस आगे भी संघर्षरत रहेगी।
