फतेहाबादङ किसानों व व्यापारियों के हितों की रक्षा करना सरकार की प्राथमिकता : राजेश ठकराल

Share

फतेहाबाद, 16 अक्टूबर । हरियाणा व्यापारी कल्याण बोर्ड के चेयरमैन राजेश ठकराल ने शुक्रवार को जिले की टोहाना अतिरिक्त अनाज मंडी का दौरा कर धान खरीद व्यवस्था का जायजा लिया। इससे पहले उन्होंने मार्केट कमेटी कार्यालय में व्यापारियों के साथ बैठक कर उनकी समस्याओं, मांगों और सुझावों पर चर्चा की। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को व्यापारियों की समस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर शीघ्र समाधान करने के निर्देश दिए, ताकि मंडी में खरीद प्रक्रिया सुचारू रूप से जारी रहे।

चेयरमैन राजेश ठकराल ने कहा कि प्रदेश सरकार किसानों, व्यापारियों और आढ़तियों के हितों की रक्षा के लिए प्रतिबद्ध है। हरियाणा ट्रेडर्स वेलफेयर बोर्ड व्यापारियों की जायज मांगों और समस्याओं को सरकार के समक्ष प्रभावी ढंग से उठाकर उनके समाधान के लिए प्रयासरत है। उन्होंने कहा कि मंडियां प्रदेश की कृषि अर्थव्यवस्था का महत्वपूर्ण हिस्सा हैं और धान खरीद, उठान तथा भुगतान की प्रक्रिया को सुचारू बनाए रखने में व्यापारियों व आढ़तियों की अहम भूमिका है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि खरीद एजेंसियों, मार्केट कमेटी और संबंधित विभागों के बीच बेहतर तालमेल बनाए रखा जाए, ताकि धान खरीद में तेजी आए और किसानों को अपनी फसल बेचने में किसी प्रकार की परेशानी न हो।

उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार निर्धारित न्यूनतम समर्थन मूल्य पर किसानों की फसल खरीदने और उन्हें समय पर भुगतान सुनिश्चित करने के लिए प्रतिबद्ध है। खरीद एवं भुगतान प्रक्रिया में किसी भी प्रकार की लापरवाही नहीं होनी चाहिए। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी के नेतृत्व में प्रदेश सरकार किसानों और व्यापारियों के हितों को सर्वोपरि रखते हुए कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि किसानों की फसल की खरीद सुनिश्चित करने, आढ़तियों के हितों की रक्षा करने और मंडियों में बेहतर व्यवस्था बनाए रखने के लिए सभी संबंधित विभाग आपसी समन्वय से कार्य करें। इस दौरान बोर्ड के सचिव योगेश मेहता, टोहाना मार्केट कमेटी के चेयरमैन जंगजीत हुड्डा, मार्केट कमेटी सचिव संदीप गर्ग, मंडल अध्यक्ष रमन मडिया सहित अन्य गणमान्य नागरिक, व्यापारी प्रतिनिधि और संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।