सुलतानपुर, 09 सितंबर । उत्तर प्रदेश के जिला सुलतानपुर के बल्दीराय थाना अंतर्गत नरसिंहपुर में शारदा सहायक नहर में बुधवार को एक महिला का शव पाया गया। महिला के शव से कुछ दूरी पर ही एक नवजात शिशु का भी शव नहर में मिला है। पुलिस ने स्थानीय गोताखोरों की मदद से दोनों शवों को बाहर निकलवा कर पहचान कराया।
शव की पहचान बल्दीराय थाना क्षेत्र के बिही निदूरा गांव निवासी मनीषा (24) पत्नी अखिलेश के रूप में हुई है। मनीषा 25 जनवरी को अखिलेश के साथ घर से भाग गई थी और वह आठ माह की गर्भवती थी।
पुलिस के अनुसार बीते 6 सितंबर को वह पति के साथ आधार कार्ड बनवाने के लिए निकली थी। उसने पति से बाजार में समोसा लाने को कहा और उसके जाते ही वो लापता हो गई। आसपास के लोगों ने बताया कि महिला को नहर की तरफ जाते हुए देखा गया। इसके बाद पति ने डायल 112 और थाने की पुलिस को सूचना दिया। जिसके बाद पुलिस ने तलाश किया लेकिन कुछ पता नहीं चला। इसके बाद पति ने थाने पर गुमशुदगी दर्ज कराया और अब आज उसका शव नहर में मिला। पानी में होने के कारण उसका पेट फटा और गर्भ में पल रहा बच्चा पेट से बाहर आ गया।
मनीषा के भाई ने पुलिस से कहा कि उन्हें इस मामले में कोई कार्रवाई नहीं करनी है। उन्होंने कहा, ‘जब जिंदगी में हमसे कोई वास्ता नहीं था । सीओ आशुतोष कुमार ने बुधवार को बताया कि मामले में विधिक कार्रवाई करते हुए शवों को पोस्टमार्टम में भेजा गया है। रिपोर्ट आने पर मौत के कारणों का पता चल सकेगा।