कांग्रेस में वापसी की अटकलों को सुनील जाखड़ ने किया खारिज

Share

चंडीगढ़, 17 सितंबर । पंजाब भाजपा के पूर्व अध्यक्ष सुनील जाखड़ ने कांग्रेस में वापसी की चर्चाओं को खारिज कर दिया है। उन्होंने सोशल मीडिया पर चल रही ऐसी खबरों को “झूठा” और “बेबुनियाद” बताते हुए साफ किया कि वह भारतीय जनता पार्टी के साथ हैं।

जाखड़ ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर लिखा कि उन्हें कुछ पोस्ट देखने को मिली हैं, जिनमें उनके दोबारा कांग्रेस में शामिल होने की बात कही जा रही है। उन्होंने कहा कि इन दावों का सच्चाई से कोई संबंध नहीं है और वह भाजपा में बने हुए हैं। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के “सबका साथ, सबका विकास” के विचार के प्रति अपनी प्रतिबद्धता भी जताई।

यह बयान ऐसे समय आया है, जब पंजाब में 2027 विधानसभा चुनाव को लेकर राजनीतिक गतिविधियां तेज हो रही हैं। कुछ रिपोर्टों में दावा किया गया था कि कांग्रेस अपने कुछ पुराने नेताओं से संपर्क कर रही है, जिनमें जाखड़ और पूर्व मुख्यमंत्री कैप्टन अमरिंदर सिंह के नाम भी चर्चा में थे। हालांकि जाखड़ ने अपनी ओर से कांग्रेस में लौटने की किसी संभावना से इनकार कर दिया है।

सुनील जाखड़ पहले पंजाब कांग्रेस के अध्यक्ष रह चुके हैं। उन्होंने मई 2022 में कांग्रेस नेतृत्व से मतभेदों के बाद पार्टी छोड़ दी थी और कुछ ही दिनों बाद भाजपा में शामिल हो गए थे। बाद में उन्हें पंजाब भाजपा का अध्यक्ष बनाया गया। मई 2026 में भाजपा ने केवल सिंह ढिल्लों को प्रदेश अध्यक्ष नियुक्त किया। जाखड़ की इस सफाई के बाद उनके कांग्रेस में लौटने को लेकर चल रही सोशल मीडिया अटकलों पर फिलहाल विराम लग गया है।