जयपुर, 28 सितंबर । राजस्थान में मानसून की विदाई के बीच मौसम ने एक बार फिर करवट ली है। सोमवार को प्रदेश के कई हिस्सों में तेज हवा, मेघगर्जन और बारिश की संभावना जताई गई है। कुछ इलाकों में बारिश के साथ ओले गिरने की भी आशंका है।
मौसम विभाग ने कई जिलों के लिए यलो अलर्ट जारी किया है।
इससे पहले रविवार को पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से बीकानेर, चूरू, झुंझुनूं और सीकर क्षेत्र में मौसम अचानक बदल गया। आसमान में घने बादल छाने के बाद कई स्थानों पर तेज बारिश हुई और ओले भी गिरे। बारिश और ठंडी हवाओं के कारण तापमान में गिरावट आ गई। बीकानेर के महाजन क्षेत्र, रानीसर और लूणकरणसर के अलावा सीकर के फतेहपुर शेखावाटी तथा श्रीगंगानगर के सूरतगढ़ में भी हल्की बारिश हुई।
देर शाम चूरू के सुजानगढ़ और बीकानेर के श्रीडूंगरगढ़ में भी तेज बारिश के साथ ओले गिरे। सीकर के फतेहपुर में करीब 23 मिलीमीटर बारिश हुई। अचानक बदले मौसम ने दिनभर की गर्मी से राहत दिलाई और शाम के बाद वातावरण में ठंडक घुल गई।
राजधानी जयपुर में भी रविवार रात मौसम का मिजाज बदल गया। गलताजी सहित कई इलाकों में बारिश हुई। इससे रात के तापमान में कमी आई और लोगों को उमस तथा गर्मी से राहत मिली।
सोमवार को भी जयपुर सहित आसपास के क्षेत्रों में गरज-चमक के साथ बारिश और तेज हवा की संभावना बनी हुई है।
जैसलमेर में रविवार को अधिकतम तापमान में करीब चार डिग्री की गिरावट आई और यह 36.8 डिग्री सेल्सियस रहा। वहीं प्रदेश में सबसे अधिक अधिकतम तापमान फलोदी में 40.2 डिग्री सेल्सियस मापा गया। बारिश वाले क्षेत्रों में तापमान गिरने से मौसम अपेक्षाकृत सुहावना हो गया।
मौसम विभाग के अनुसार 28 सितंबर को राजस्थान के कई जिलों में मेघगर्जन के साथ हल्की से मध्यम बारिश तथा रफ्तार से झोंकेदार हवाएं चल सकती हैं।
ताजा पूर्वानुमानों में 17 जिलों तक चेतावनी है, जबकि सीकर में तेज हवाओं को लेकर ऑरेंज अलर्ट दिया गया है।
पश्चिमी विक्षोभ और अन्य मौसमी प्रणालियों के प्रभाव से सोमवार और मंगलवार को भी कुछ क्षेत्रों में बारिश का दौर जारी रहने की संभावना है।