अनूपपुर, 20 सितंबर । मध्य प्रदेश के अनूपपुर जिले की पुलिस ने गांजा तस्करी के खिलाफ कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को शनिवार-रविवार की रात गिरफ्तार किया है। दोनों आरोपी बाइक से 5.60 किलो गांजा लेकर राजेंद्रग्राम की ओर जा रहे थे। पुलिस ने उनके पास से गांजा और तस्करी में इस्तेमाल बाइक समेत 1.30 लाख रुपए से ज्यादा का सामान जब्त किया है।
पुलिस अधीक्षक विक्रांत मुराब के अनुसार 19-20 सितंबर की रात कोतवाली पुलिस को सूचना मिली थी कि दो युवक बाइक क्रमांक एमपी 65 जेडए 9670 से बैग में गांजा लेकर अनूपपुर से राजेंद्रग्राम की ओर जा रहे हैं। सूचना पर पुलिस ने राजेंद्रग्राम-अनूपपुर मार्ग पर कोयलारी तिराहे के पास नाकाबंदी की। संदिग्ध बाइक आते ही पुलिस ने घेराबंदी कर दोनों युवकों को पकड़ लिया। पूछताछ में आरोपियों में 33 वर्षीय दिनेश कुमार बंजारा निवासी नौगवां, थाना राजेंद्रग्राम एवं 32 वर्षय सुनील उर्फ मज्जू यादव निवासी पंचवटी मोहल्ला, थाना बुढ़ार बताए। बाइक पर रखे बैग की तलाशी लेने पर पांच पैकेट में 5.60 किलो गांजा मिला।
पुलिस के अनुसार जब्त गांजे की कीमत करीब 50,600 रुपए और बाइक की कीमत 80 हजार रुपए है। कुल 1,30,600 रुपए का सामान जब्त किया गया। दोनों आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 8/20बी के तहत केस दर्ज किया गया है।
उड़ीसा से गांजा लाकर राजेंद्रग्राम में बेचने की थी तैयारी
थाना प्रभारी संजय अशोक एक्का ने बताया कि पूछताछ में आरोपियों ने उड़ीसा से गांजा लाकर अनूपपुर आने की जानकारी दी है। दोनों रेलवे स्टेशन की तरफ से बाइक पर गांजा लेकर राजेंद्रग्राम जा रहे थे। पुलिस के अनुसार वहां गांजा बेचने की तैयारी थी, लेकिन कोयलारी तिराहे पर दोनों पकड़ लिए गए।