महावीरी अखाड़ा मेले में धारदार हथियार से प्रदर्शन के दौरान दो लोग गंभीर रूप से घायल

Share

सीवान, 06 सितंबर ।सीवान में महावीरी अखाड़ा मेले के दौरान रविवार की शाम उस समय अफरातफरी मच गई, जब धारदार हथियार के प्रदर्शन के दौरान दो लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना सीवान कचहरी स्टेशन के पास करीब छह बजे की बतायी जा रही है। घायलों की गंभीर स्थिति को देखते हुए प्राथमिक उपचार के बाद दोनों को पीएमसीएच, पटना रेफर कर दिया गया।

घायलों की पहचान मुफस्सिल थाना क्षेत्र के सरावे निवासी सत्येंद्र नारायण यादव के पुत्र शशि यादव और कंधवारा निवासी चंद्रमा यादव के पुत्र राज किशोर यादव के रूप में हुई है। बताया जाता है कि कंधवारा गांव का महावीरी अखाड़ा नंबर 8 शहर की ओर आ रहा था। इसी दौरान सीवान कचहरी स्टेशन के समीप अखाड़े में शामिल एक खिलाड़ी धारदार हथियार लेकर प्रदर्शन कर रहा था। प्रदर्शन के दौरान हथियार की चपेट में आने से वहां मौजूद शशि यादव और राज किशोर यादव गंभीर रूप से जख्मी हो गए। घटना के बाद मौके पर अफरातफरी मच गयी। घायलों को स्थानीय लोगों की मदद से सदर अस्पताल लाया गया।

स्थानीय लोगों का आरोप है कि दोनों पर जानबूझकर हमला किया गया है। हालांकि, घटना की वास्तविक वजह और परिस्थितियों की पुष्टि पुलिस जांच के बाद ही हो सकेगी। गौरतलब है कि महावीरी अखाड़ा मेले को लेकर जिला प्रशासन ने अखाड़ों में धारदार हथियारों के प्रदर्शन पर रोक लगाई थी। इसके बावजूद बड़ी संख्या में लोग परंपरागत धारदार हथियार लेकर मेले में पहुंचे। घटना ने प्रशासनिक प्रतिबंधों के पालन को लेकर भी सवाल खड़े कर दिए हैं। गंभीर रूप से घायल दोनों युवकों को इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने बेहतर इलाज के लिए उन्हें पीएमसीएच पटना रेफर कर दिया। घटना के बाद प्रशासन और पुलिस की सुरक्षा व्यवस्था पर भी सवाल उठने लगे हैं।