सूरजपुर, 21 सितंबर । ओड़गी क्षेत्र के दूरस्थ परसिया गांव में एक सरकारी विभाग के चालक की मौत हाे गई है। मृतक की पहचान लखनराम के रूप में हुई है।
लखनराम सहायक आयुक्त आदिवासी विकास विभाग के वाहन चालक के रूप में काम करता था। वह अपने साले के साथ परसिया गांव गया था। वहां से लौटने के बाद उसकी तबीयत और हालत बिगड़ी और आज साेमवार सुबह उसका शव गड्ढे में मिला।
पुलिस के अनुसार लखनराम अपने साले के साथ देसी इलाज के लिए परसिया गांव पहुंचा था। वापसी के दौरान उसने काफी शराब पी ली। ज्यादा शराब पीने के कारण वह ठीक से चल नहीं पा रहा था। इसके बाद उसके रिश्तेदार ने एक ग्रामीण की मदद से उसे नाला पार कराया और एक परिचित के घर पर सुला दिया।
आज लखनराम का साला किशन उसे लेने के लिए परिचित के घर पहुंचा, लेकिन वह वहां नहीं मिला। इसके बाद उसकी तलाश शुरू की गई। खोजबीन के दौरान घर से करीब 200 मीटर की दूरी पर एक गड्ढे में लखनराम अचेत अवस्था में पड़ा मिला।
जांच करने पर उसके शरीर में सांस नहीं चल रही थी। इसके बाद घटना की जानकारी पुलिस को दी गई। पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस के मुताबिक फिलहाल मौत की वास्तविक वजह स्पष्ट नहीं है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद स्थिति साफ होगी।
शव अस्पताल तक लाने में भी आई परेशानी
लखनराम की मौत के बाद शव को गांव से बाहर निकालना भी बड़ी चुनौती बन गया। जिस जगह शव मिला, वहां तक पक्की सड़क नहीं है। बारिश के कारण कच्चा रास्ता कीचड़ में तब्दील हो गया था, जिससे वाहन गांव तक नहीं पहुंच सका।
ऐसे में ग्रामीणों को शव बाहर निकालने के लिए बांस की झलगी का सहारा लेना पड़ा। शव को चादर में लपेटकर बांस की झलगी में रखा गया और लोगों ने उसे कंधे पर उठाकर सड़क तक पहुंचाया। इसके बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भेजा गया।
एएसपी योगेश कुमार देवांगन ने कहा कि लखनराम घर से 200 मीटर दूर एक गडढे में अचेत अवस्था में पड़ा था। उसकी जांच करने पर सांसें नहीं चल रही थी। जिसकी सूचना पुलिस को दी गई और मर्ग कायम किया गया।
पुलिस इस मामले में फिलहाल सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है। पुलिस के अनुसार अधिक शराब सेवन के बाद गड्ढे में गिरने की आशंका है, लेकिन मौत की सही वजह पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट होगी।