एशियाई खेलों में भारतीय महिला कबड्डी टीम का दबदबा, जापान को 50-25 से हराकर सेमीफाइनल में किया प्रवेश

Share

आइची-नगोया, 24 सितंबर । भारतीय महिला कबड्डी टीम ने एशियाई खेल 2026 के ग्रुप चरण में अजेय अभियान जारी रखते हुए जापान को 50-25 से हराकर सेमीफाइनल में प्रवेश किया। गत चैंपियन भारत ने ग्रुप ए में लगातार तीन जीत दर्ज कर शीर्ष स्थान हासिल किया।

कप्तान पुष्पा राणा की अगुवाई में भारतीय टीम ने मुकाबले की शुरुआत से ही आक्रामक खेल दिखाया और पहले हाफ में जापान पर पूरी तरह दबाव बनाए रखा। भारत ने मध्यांतर तक 32-13 की बढ़त हासिल कर ली थी। पहले हाफ में भारत ने 23 आउट अंक, पांच बोनस अंक और दो ऑलआउट के जरिए जापान के खिलाफ 19 अंकों की बढ़त बनाई।

दूसरे हाफ में जापान ने वापसी की कोशिश की और 12 अंक हासिल किए लेकिन भारतीय टीम ने अपनी पकड़ मजबूत बनाए रखी। भारत ने दूसरे हाफ में 18 अंक जोड़े, जिसमें 14 आउट, दो बोनस और एक ऑलआउट शामिल रहा। अंततः भारत ने 50-25 के बड़े अंतर से मुकाबला अपने नाम किया।

भारत ने ग्रुप चरण में इससे पहले बांग्लादेश को 42-21 और ईरान को 37-23 से हराया था। इस जीत के साथ भारतीय टीम ने ग्रुप ए में तीनों मुकाबले जीतकर सेमीफाइनल में जगह पक्की कर ली है।

भारत अब 25 सितंबर को सेमीफाइनल में जापान का सामना करेगा। स्वर्ण पदक का मुकाबला 26 सितंबर को खेला जाएगा।