एशियाई खेल: भारतीय टेबल टेनिस जोड़ी दीया-यशस्विनी ने महिला युगल के दूसरे दौर में दर्ज की जीत

Share

आइची-नगोया (जापान), 24 सितंबर । एशियाई खेल 2026 में भारतीय खिलाड़ियों का शानदार प्रदर्शन जारी है। टेबल टेनिस में दीया चितले और यशस्विनी घोरपड़े की जोड़ी ने गुरुवार को महिला युगल के दूसरे दौर में ईरान को 3-0 से हराकर अगले दौर में जगह बनाई।

वहीं, वुशु में रोशिबिना देवी ने रजत और रोइंग में सतनाम सिंह-सलमान खान की जोड़ी ने कांस्य पदक जीता।

टेबल टेनिस में दीया और यशस्विनी ने ईरान की सेटायश इलूखानी और मशिद अश्तारी की जोड़ी को एकतरफा मुकाबले में 11-2, 11-2, 11-4 से हराया।

वुशु की महिलाओं की 60 किग्रा सांडा स्पर्धा में रोशिबिना देवी को फाइनल में चीन की झांग शियाओयू के खिलाफ 0-2 से हार मिली। झांग ने दोनों राउंड 5-0 से अपने नाम किए। इसके बावजूद रोशिबिना ने लगातार दूसरे एशियाई खेलों में रजत पदक जीता। 2018 में कांस्य और 2022 तथा 2026 में रजत जीतकर वह एशियाई खेलों में वुशु में लगातार तीन पदक जीतने वाली पहली भारतीय महिला बन गई हैं।

रोइंग के पुरुष डबल स्कल्स में सतनाम सिंह और सलमान खान ने 6 मिनट 13.25 सेकंड के समय के साथ कांस्य पदक जीता। भारतीय जोड़ी 500, 1000 और 1500 मीटर तक दूसरे स्थान पर थी, लेकिन अंतिम चरण में चीन की जोड़ी से पीछे रह गई। चीन के यी शुदी और नी यिदे ने स्वर्ण, जबकि मेखरोजबेक मामातकुलोव और पावेल सोरिन ने रजत पदक जीता।

पुरुष सिंगल स्कल्स में बलराज पंवार पदक से चूक गए और चौथे स्थान पर रहे। वह 1500 मीटर तक दूसरे स्थान पर थे, लेकिन अंतिम 500 मीटर में उज्बेकिस्तान के शखबोज खोल्मुर्जाएव और जापान के तात्सुया सकुरामा से पीछे हो गए। बलराज ने 6 मिनट 54.80 सेकंड का समय निकाला।

तैराकी में भारत के बेनेडिक्शन बेनिस्टन पुरुष 50 मीटर बटरफ्लाई की हीट में 23.87 सेकंड के समय के साथ पांचवें स्थान पर रहे। सभी हीट के बाद वह 12वें स्थान पर हैं और शीर्ष 10 खिलाड़ी ही फाइनल में पहुंचते हैं। वह फाइनल के लिए रिजर्व में हैं।

कैनो स्प्रिंट में मेघा प्रदीप महिलाओं की एकल 200 मीटर सेमीफाइनल में 51.093 सेकंड के समय के साथ चौथे स्थान पर रहीं। शीर्ष तीन खिलाड़ी फाइनल में पहुंचने के कारण मेघा का अभियान यहीं समाप्त हो गया।

एथलेटिक्स में हेप्टाथलॉन की 100 मीटर बाधा दौड़ में अनामिका अनीश कोझिंजापरम्बिल 14.80 सेकंड के समय के साथ अपनी हीट में पांचवें और अंतिम स्थान पर रहीं। उन्होंने 868 अंक हासिल किए। दूसरी हीट में पूजा 14.61 सेकंड के समय के साथ पांचवें स्थान पर रहीं और उन्हें 894 अंक मिले।

इन परिणामों के साथ भारत के एशियाई खेलों में पदकों की संख्या 14 हो गई है। भारत ने अब तक एक स्वर्ण, छह रजत और सात कांस्य पदक जीते हैं।