राजगढ़ःकन्या विद्यालय में 1.29 करोड़ से बनेंगे 6 नए कक्ष, राज्यमंत्री पंवार ने किया भूमिपूजन

Share

राजगढ़, 18 सितम्बर । मध्य प्रदेश के राजगढ़ जिले में सेवा संकल्प अभियान एवं मुख्यमंत्री जनविश्वास अभियान के तहत शुक्रवार को पीएम श्री शासकीय कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय ब्यावरा में 1 करोड़ 29 लाख रुपये की लागत से बनने वाले छह अतिरिक्त कक्ष एवं अन्य निर्माण कार्यों का भूमिपूजन किया गया।

प्रदेश के मछुआ कल्याण एवं मत्स्य विकास राज्य मंत्री नारायण सिंह पंवार ने मां सरस्वती के पूजन और कन्या पूजन के साथ कार्यक्रम की शुरुआत की। इसके बाद उन्होंने छात्राओं से संवाद कर पढ़ाई, स्कूल में उपलब्ध सुविधाओं और उनकी आवश्यकताओं की जानकारी ली। मंत्री पंवार ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के जन्मदिवस के अवसर पर मनाया जा रहा सेवा संकल्प अभियान जनसेवा और समाज के प्रत्येक वर्ग के कल्याण से जुड़ा है।

मंत्री पंवार ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के मार्गदर्शन और मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के नेतृत्व में प्रदेश सरकार बेटियों की शिक्षा और उनके उज्ज्वल भविष्य के लिए लगातार काम कर रही है। छात्राओं को निःशुल्क साइकिल, गणवेश और पाठ्यपुस्तक जैसी योजनाओं का लाभ दिया जा रहा है, ताकि आर्थिक परिस्थितियां उनकी पढ़ाई में बाधा न बनें। उन्होंने शिक्षकों और छात्राओं से विद्यालय को शत-प्रतिशत परीक्षा परिणाम की दिशा में ले जाने के लिए मेहनत करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि केवल भवन और सुविधाएं पर्याप्त नहीं हैं, गुणवत्तापूर्ण शिक्षा और संस्कार से ही इनका उद्देश्य पूरा होगा।

इसके बाद मंत्री पंवार मुख्यमंत्री जनविश्वास अभियान के तहत ग्राम सलेहपुर पहुंचे। यहां उन्होंने निर्माणाधीन विकास कार्यों का निरीक्षण कर प्रगति और गुणवत्ता की जानकारी ली। अधिकारियों को सभी कार्य निर्धारित समयसीमा में गुणवत्तापूर्ण तरीके से पूरा कराने और नियमित निगरानी के निर्देश दिए। कार्यक्रम में पूर्व मंत्री बद्रीलाल यादव, जनपद अध्यक्ष प्रतिनिधि जगदीश गुर्जर, नगर पालिका अध्यक्ष प्रतिनिधि पवन कुशवाह, प्रदेश कार्यसमिति सदस्य दिलवर यादव, एसडीएम गोविंद कुमार दुबे, बीईओ दिलीप शर्मा, बीआरसी जीके दुबे, प्राचार्य एसएन सिकरवार सहित जनप्रतिनिधि, स्कूल स्टाफ और विद्यार्थी मौजूद रहे।