मध्य प्रदेश पुलिस आरक्षक (बैण्ड) भर्ती-2026 का अंतिम परीक्षा परिणाम जारी

Share

भोपाल, 27 सितम्बर । मध्य प्रदेश पुलिस आरक्षक (बैण्ड) भर्ती वर्ष-2026 का अंतिम परीक्षा परिणाम रविवार को एमपी ऑनलाइन की वेबसाइट iforms.mponline.gov.in पर जारी कर दिया गया है। परीक्षा परिणाम का विस्तृत विवरण मध्य प्रदेश पुलिस की वेबसाइट mppolice.gov.in पर देखा जा सकता है।

पुलिस मुख्यालय द्वारा जानकारी दी गई कि मध्य प्रदेश पुलिस आरक्षक (बैण्ड) पद की सीधी भर्ती हेतु भर्ती परीक्षा वर्ष-2026 का आयोजन 24 जून 2026 से 06 अगस्त 2026 तक भोपाल में किया गया था। उक्त परीक्षा के लिए कुल 39,468 अभ्यर्थियों द्वारा आवेदन किया गया था। परीक्षा के बैण्ड टेस्ट में उत्तीर्ण अभ्यर्थियों की सूची 12 अगस्त 2026 को जारी की गई थी। इसमें कुल 1,271 अभ्यर्थी साक्षात्कार के लिए पात्र हुए थे।

पुलिस विभाग द्वारा 20 अगस्त 2026 से 23 अगस्त 2026 तक भोपाल में साक्षात्कार आयोजित किया गया। मध्य प्रदेश पुलिस आरक्षक (बैण्ड) भर्ती परीक्षा-2026 के बैण्ड टेस्ट एवं साक्षात्कार के अंकों को एकीकृत/अद्यतन कर 87 प्रतिशत मुख्य भाग (14 प्रतिशत OBC पदों सहित) का अंतिम परीक्षा परिणाम तैयार किया गया है।

उक्त परीक्षा का अंतिम परीक्षा परिणाम 87 प्रतिशत मुख्य भाग (14 प्रतिशत OBC पदों सहित) के 591 पदों के लिए अंतिम रूप से सूची जारी किया जाना प्रावधानित था, किंतु EWS श्रेणी में विज्ञापित पदों की तुलना में कम अभ्यर्थी योग्य पाए गए। अतः 560 पदों के लिए चयन सूची जारी की जा रही है। समान अंक प्राप्त करने वाले उम्मीदवारों की आपसी सह-वरिष्ठता का निर्धारण आयु के आधार पर किया गया है। नियम पुस्तिका में उल्लिखित प्रावधान के अनुसार, होमगार्ड सैनिकों एवं भूतपूर्व सैनिकों के योग्य उम्मीदवार उपलब्ध न होने के कारण उनके लिए निर्धारित पद संबंधित श्रेणी के योग्य ओपन अभ्यर्थियों से भरे गए हैं।

परीक्षा परिणाम जारी होने के उपरांत यदि कोई तकनीकी त्रुटि संज्ञान में आती है, तो परिणाम में सुधार करने का अधिकार पुलिस विभाग के पास सुरक्षित रहेगा। उक्त परीक्षा परिणाम मध्यप्रदेश के माननीय उच्च न्यायालय, जबलपुर में लंबित WP No. 34780/2026, 34308/2026 तथा माननीय उच्च न्यायालय, खंडपीठ ग्वालियर में लंबित WP No. 35153/2026, 36173/2026 के अंतिम निर्णय के अधीन होगा।